भोपाल।
जमानत याचिका पर अदालत द्वारा फैसला सुनाए जाने से पहले ही एक आरोपी फरार हो गया। मामला राजधानी भोपाल के टीटी नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां पुलिस की लापरवाही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी को जमानत आवेदन पर सुनवाई के दौरान न्यायालय में पेश किया गया था। सुनवाई के बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में रखा गया, लेकिन इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 में बलात्कार एवं अपहरण का मामला दर्ज था। आरोपी की पहचान आयुष वर्मा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही मामले की विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में जो भी लापरवाही सामने आएगी, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
