भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपना 47वां स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राजधानी स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित सम्मेलन के माध्यम से राज्य के 17 जिलों में नए भाजपा कार्यालयों का वर्चुअली भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में पार्टी के दिग्गज नेताओं, मंत्रियों और विधायकों के साथ दिवंगत कार्यकर्ताओं के परिजनों का भी सम्मान किया गया।
असली धुरंधर का जमाना: सीएम मोहन यादव
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा, “भारत अब दुनिया का वह तीसरा देश बन गया है जो अपने दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारता है। यह असली धुरंधर का जमाना है।” उन्होंने भाजपा की तुलना ‘फीनिक्स’ पक्षी से करते हुए कहा कि जिस तरह वह राख से जीवित हो जाता है, वैसे ही भाजपा की विचारधारा अटल और अमर हो गई है। सीएम ने पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि कैसे जाली नोटों से पाकिस्तान परेशान करता था, लेकिन आज समर्थ नेतृत्व के कारण हर प्रश्न का उत्तर मिल रहा है।
Read Also- मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में चोरी, ट्रॉफियां और मोमेंटो ले गए चोर
52 जिलों में अपने कार्यालय का लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य अगले स्थापना दिवस तक प्रदेश के सभी 52 जिलों में भाजपा के अपने आधुनिक कार्यालय तैयार करना है। इन कार्यालयों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं होंगी, जहाँ पार्टी की विचारधारा से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी।
