भोपाल। राजधानी भोपाल में किशोरियों के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला कोलर इलाके का है, जहाँ एक 12वीं कक्षा की छात्रा के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म किया। वहीं, त्रिलंगा क्षेत्र में एक अन्य छात्रा को अश्लील मैसेज भेजकर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। कोलर इलाके की बांसखेड़ी मल्टी में रहने वाली 12वीं की छात्रा ने परिजनों के साथ थाने पहुँचकर आरोपी विकास के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 10 मार्च की दोपहर की है जब किशोरी घर में अकेली थी। जान-पहचान का फायदा उठाकर पड़ोसी विकास घर में घुस आया और विरोध के बावजूद किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी किशोरी को बदनाम करने की धमकी देकर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने अपनी मां को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला त्रिलंगा इलाके का है, जहाँ 15 वर्षीय (9वीं कक्षा की छात्रा) ने देवराज उर्फ तनु के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सब इंस्पेक्टर संगीता कजरारे ने बताया कि आरोपी देवराज किशोरी के मोबाइल पर लगातार अश्लील मैसेज और वीडियो भेजकर उसे मिलने के लिए मजबूर कर रहा था। आरोपी और पीड़िता दोनों मूल रूप से रेहटी के रहने वाले हैं और परिचित हैं। किशोरी के कई बार मना करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पुलिस ने इस मामले में भी संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
