भोपाल। राजधानी के मिसरोद और कमला नगर इलाकों में युवतियों के साथ यौन शोषण के दो गंभीर मामले सामने आए हैं। मिसरोद पुलिस ने एक कॉलेज छात्रा की शिकायत पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जो पिछले चार वर्षों से छात्रा को डरा-धमकाकर उसका शोषण कर रहा था। वहीं, कमला नगर पुलिस ने शादी का झांसा देकर रेप करने वाले एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नाबालिग उम्र से कर रहा था शोषण
मिसरोद पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी कॉलोनी में रहने वाला आरोपी दीपक यादव उसे वर्ष 2022 से प्रताड़ित कर रहा था। जब पीड़िता नाबालिग थी, तब आरोपी उसे बहला-फुसलाकर ले गया और हत्या की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी, जो पेशे से कैटरर है, पिछले कुछ दिनों से छात्रा पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। वह उसे डराकर आर्य समाज मंदिर ले गया और वहां शादी कर ली। मंगलवार रात पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
प्रेम जाल में फंसाकर किया रेप
यौन शोषण का दूसरा मामला कमला नगर थाना क्षेत्र का है। यहाँ एक युवती ने मसर्रत नामक युवक पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की मुलाकात 2019 में हुई थी जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गई। आरोपी ने पीड़िता को एक होटल में ले जाकर पहली बार दुष्कर्म किया और उसके बाद लगातार शादी का वादा कर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। अंत में आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
