भोपाल। राजधानी के बागसेवनिया थाना इलाके में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिला न्यायालय में पदस्थ अपर लोक अभियोजक (एडीपीओ) नारायण सिंह ठाकुर पर एक साधु ने उस वक्त त्रिशूल से जानलेवा हमला कर दिया, जब वे अपने परिवार के साथ कार से घर लौट रहे थे। इस हमले में वकील की हथेली में त्रिशूल घुस गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी साधु को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना मिसरोद स्थित बापू की कुटिया के सामने लाल सिग्नल पर हुई। फरियादी नारायण सिंह ठाकुर अपनी पत्नी और बेटे के साथ कार से जा रहे थे, तभी सिग्नल पर एक साधु वहां पहुंचा और बिना किसी कारण के गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास मौजूद त्रिशूल से कार के सामने के कांच पर जोरदार वार किया। इसके बाद आरोपी ड्राइवर साइड की खिड़की पर आया और वहां भी त्रिशूल मारकर कांच तोड़ दिया। हमले के दौरान जब वकील ने अपना बचाव करने के लिए हाथ आगे किया, तो आरोपी ने त्रिशूल उनकी दाहिनी हथेली में घोंप दिया।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और वकील के परिजनों सहित आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। हमले के बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और भागने का प्रयास किया, लेकिन सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बागसेवनिया पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान अरविंद चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और हमले के पीछे के असल कारणों की जांच की जा रही है। इस हमले में वकील की कार के कांच पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
