भोपाल।
भोपाल की कुल 243 लोकेशन में प्रॉपर्टी के रेट 5 से 200% तक रेट बढ़ाने का प्रस्ताव फिलहाल होल्ड पर चला गया है। केंद्रीय मूल्यांकन कमेटी की मीटिंग से पहले बुधवार सुबह भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा से उनके आवास पर मुलाकात की। इससे बाद क्रेडाई सदस्यों भी वित्त मंत्री से मुलाकात करने पहुंचे। सांसद शर्मा ने वित्त मंत्री देवड़ा को जमीनों के बढ़े हुए भाव को लेकर लिखित शिकायत भी की।
सांसद शर्मा ने कहा, चर्चा के बाद वित्त मंत्री ने भोपाल में कलेक्टर गाइड लाइन बढ़ाने पर फिलहाल रोक लगा दी है। अब जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करने के बाद ही कलेक्टर गाइड लाइन पर अंतिम मुहर लगेगी। जनप्रतिनिधियों के साथ अगली बैठक के बाद ही भोपाल में जमीनों के बढ़े हुए दामों को लेकर फैसला होगा। बता दें कि भोपाल में रेसिडेंशियल, कमर्शियल और एग्रीकल्चर में एवरेज 8.55% तक गाइडलाइन बढ़ाने का प्रस्ताव है। विधायक भगवानदास सबनानी की आपत्ति के बाद 13 लोकेशन हटा दी गई है। यानी, 240 लोकेशन पर रेट बढ़ेंगे। इसी का विरोध हो रहा है।
भोपाल सांसद बोले- जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद ही होगा फैसला
‘मैं आज वित्त मंत्री जी से मिला हूं। भोपाल की 243 लोकेशन पर प्रॉपर्टी के रेट 5% से 200% प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव विभाग की ओर से मिला था। इस पर मैंने वित्त मंत्री जी से आग्रह किया है कि भोपाल को लेकर कोई भी प्रस्ताव आता है तो सबसे पहले उस पर जनप्रतिनिधियों से चर्चा होना चाहिए। भोपाल के सांसद और विधायकों से इसे लेकर कोई चर्चा नहीं की गई। वित्त मंत्री जी ने मेरी बात मानी और बहुत ही जल्दी भोपाल के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ वित्त मंत्री जी की अध्यक्षता में बैठक होगी। उसके बाद हमारे सुझावों के आधार पर ही सरकार निर्णय लेगी। केंद्रीय मूल्यांकन समिति की तय बैठक तो होगी, लेकिन भोपाल को लेकर जो भी निर्णय होगा, वो जनप्रतिनिधियों की बैठक के बाद ही होगा’।
