भोपाल। राजधानी में सीएम हाउस के पास शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक डॉक्टर को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने डॉक्टर की साइकिल को टक्कर मारकर गिरा दिया और आंखों में मिर्च झोंककर उनके हाथ में पहना करीब 11 तोला वजनी सोने का कड़ा, स्मार्टवॉच और पर्स लूटकर फरार हो गए। घटना में डॉक्टर के कूल्हे की हड्डी टूट गई, जिन्हें उपचार के लिए जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रोफेसर कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय डॉ. मनोज वर्मा, जो टीवी ट्रेनिंग सेंटर भोपाल के डायरेक्टर हैं, रोजाना सुबह साइकिलिंग करने निकलते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे किलोल पार्क से दानिश आइसक्रीम पार्लर के बीच पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
गिरते ही बदमाश बाइक से उतरे और डॉक्टर की आंखों में मिर्च झोंक दी। इसके बाद उनकी जेब से करीब ढाई हजार रुपए नकद वाला पर्स, स्मार्टवॉच और हाथ में पहना सोने का कड़ा छीन लिया। आरोपियों के पास हथियार भी थे और उन्होंने विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित डॉ. वर्मा ने बताया कि टक्कर और मारपीट के कारण उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई है। बदमाशों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी और महज दो मिनट में पूरी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
