भोपाल। दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड स्थित पटेल नगर में भगवान हाटकेश्वर जी का जन्मोत्सव श्रद्धा, विश्वास और धर्मभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रातः 9:30 बजे से भगवान हाटकेश्वर जी का विधि-विधान से अभिषेक, पूजन, आरती एवं भजन-कीर्तन दशोरा नागर समाज के महिला एवं पुरुष भक्तों द्वारा किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इसी क्रम में गुरुवार को सूर्योदय की पावन बेला में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में विराजमान बाल स्वरूप हनुमान जी का विशेष श्रृंगार, अभिषेक, पूजन, हवन एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा 11 बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया जाएगा, जिसके पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।

महाप्रसादी का किया जाएगा वितरण
श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव एवं ट्रस्ट सदस्यों ने बताया कि इस अवसर पर सायं 5:00 बजे से हनुमान चालीसा एवं भजन-कीर्तन का आयोजन ट्रस्ट के ट्रस्टीगण, मंदिर व्यवस्था समिति के सदस्य तथा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत महाप्रसादी का वितरण भी किया जाएगा।
इस धार्मिक आयोजन में वर्धमान कॉलोनी, पटेल नगर, सिद्धार्थ लेक सिटी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंदिर के पट प्रातः 4:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक भक्तों के दर्शनार्थ खुले रहेंगे। ट्रस्ट की ओर से सभी श्रद्धालु भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन अवसर का पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।
