भोपाल
2024 लोकसभा चुनाव को लेकर सभी प्रमुख सियासी दल तैयारी में जुटे हैं। चाहे सत्ताधारी बीजेपी हो या फिर विपक्षी कांग्रेस समेत दूसरे दल। सभी रणनीतिक प्लानिंग कर रहे हैं। अलग-अलग राज्यों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बैठकों का दौर जारी है। यही नहीं विपक्षी पार्टियों ने नया गठबंधन भी बनाया है, जिसका नाम I.N.D.I.A. रखा है। बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA के मुकाबले में I.N.D.I.A. का प्रदर्शन कैसा रहेगा ये तो अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में पता चलेगा। हालांकि चुनाव से पहले टाइम्स नाउ नवभारत ने एक सर्वे किया है। जिसमें अभी चुनाव होने की स्थिति में जनता का मूड क्या होगा, ये जानने की कोशिश की गई। बात करें मध्य प्रदेश की तो यहां बीजेपी और कांग्रेस में ही मुख्य मुकाबला माना जा रहा। आज चुनाव होने पर एमपी में NDA Vs I.N.D.I.A. के बीच कौन बाजी मारेगा बताते हैं आगे।
आज चुनाव तो MP में किसको कितनी सीटें?
मध्य प्रदेश में आज लोकसभा चुनाव होने पर किसका पलड़ा भारी होगा इसे जानने के लिए टाइम्स नाउ नवभारत और ETG ने एक सर्वे किया। इस सर्वे में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। खास तौर कांग्रेस के साथ विपक्षी पार्टियों की एकजुटता के बावजूद NDA सबसे आगे रहेगा। सीटों की बात करें तो मध्य प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं। अभी चुनाव होने पर टाइम्स नाउ नवभारत और ETG के सर्वे में बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए सबसे बड़ा गठबंधन रहेगा।
NDA को 24 से 26 सीट तो I.N.D.I.A. को इतनी सीटें
इस सर्वे में एनडीए के खाते में 24 से 26 सीटें जाती दिख रही हैं। वहीं विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. को 3 से 5 सीटें आ सकती हैं। अन्य को कोई सीट मिलने का आसार नहीं हैं। यहां कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी। वोट पर्सेंट की बात करें एनडीए को 52.90 फीसदी के साथ सबसे आगे रहेगा। विपक्षी महागठबंधन I.N.D.I.A. को 39.90 फीसदी वोट मिलता दिख रहा। अन्य के खाते में 7.20 फीसदी वोट शेयर रह सकता है।
मॉनसून सत्र के बाद सामने आया ये सर्वें
लोकसभा चुनाव में भले ही अभी वक्त हो लेकिन टाइम्स नाउ नवभारत के सर्वे में आज के सियासी हालात का पता चल रहा। इस सर्वे की खास बात ये है कि मॉनसून सत्र के बाद ये सर्वे कराया गया। 15 जून से 12 अगस्त के बीच का सर्वे है। खास तौर से ये सर्वे विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के लिए बेहद अहम है। जो बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को पीछे छोड़ने के लिए लगातार जोर आजमाइश में जुटी हैं। हालांकि सर्वे में I.N.D.I.A. पर एनडीए ही भारी पड़ता दिख रहा।
