भोपाल। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में हडको ने एमपी टाइगर फाउंडेशन को 20 मोटरसाइकिल एवं 1 रेस्क्यू ट्रक सौंपे। हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हडको लिमिटेड) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत मध्यप्रदेश टाइगर फाउंडेशन सोसायटी (MPTFS) को 20 मोटरसाइकिल एवं 1 रेस्क्यू ट्रक प्रदान किया। इन वाहनों को आज भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (IIFM) भोपाल में आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में भारत सरकार के केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में जनसेवा हेतु रवाना किया गया।
हडको, भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन एक नवरत्न उपक्रम है, जो वर्ष 1970 से देश में किफायती आवास, स्मार्ट सिटी तथा शहरी अवसंरचना विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर हडको की क्षेत्रीय प्रमुख डॉ. तृप्ति मिश्रा दीक्षित ने वाहनों की प्रतीकात्मक चाबी MPTFS के अधिकारियों को सौंपी। तत्पश्चात केंद्रीय मंत्री तथा मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया गया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री यादव ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के लिए हडको द्वारा दिया जा रहा सहयोग पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हडको की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन में हडको की भागीदारी अत्यंत सराहनीय है।
हडको अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि ये वाहन वन कर्मियों की गश्त एवं त्वरित बचाव कार्यों की क्षमता को सुदृढ़ करेंगे तथा संकट में फंसे वन्यजीवों के संरक्षण में सहायक सिद्ध होंगे।
