भोपाल। गंगा दशमी के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में राजधानी भोपाल के शाहपुरा तालाब पर एक विशेष श्रमदान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में भोपाल के प्रभारी मंत्री चेतन कश्यप, दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही प्रशासनिक अमले से भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, नगर निगम कमिश्नर श्रीमती संस्कृति जैन सहित स्थानीय पार्षदों ने भी कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दी और तालाब परिसर की सफाई के लिए श्रमदान करने के साथ-साथ पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों को बचाना और पर्यावरण को हरा-भरा रखना हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। इसके लिए हम सभी का सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी ही एक सशक्त और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की असली आधारशिला है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान प्रदेश के हर नागरिक को जल और पर्यावरण के प्रति जागरूक करने में एक बड़ी भूमिका निभा रहा है।
