भोपाल। राजधानी में शनिवार को पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों और बढ़ती महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस ने एक अनोखा और आक्रामक प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपनी स्कूटियों को हाथों से धक्का देते हुए (धक्का मार्च) न्यू मार्केट स्थित नानके पेट्रोल पंप पहुंचीं। वहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और प्रतीकात्मक रूप से पेट्रोल भरवाकर ईंधन की कीमतों में तत्काल राहत देने की मांग की।
हालांकि, इस पूरे राजनैतिक प्रदर्शन में एक दिलचस्प और विरोधाभासी नजारा भी देखने को मिला, जब विरोध प्रदर्शन खत्म होते ही कई महिला कांग्रेस कार्यकर्ता स्कूटी छोड़ अपनी-अपनी चार पहिया (फोर व्हीलर) गाड़ियों में बैठकर वापस रवाना हो गईं, जिसे लेकर वहां मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी ने सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की मार किसी एक वर्ग पर नहीं, बल्कि पूरे देश की आम जनता पर पड़ रही है। ईंधन के दाम बढ़ने से मालभाड़ा बढ़ता है, जिससे रसोई के बजट से लेकर हरी सब्जियों और राशन तक हर जरूरी चीज महंगी हो जाती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भी देश पर आर्थिक संकट आता है, तो सरकार जनता से सहयोग की उम्मीद करती है, लेकिन महंगाई से जूझ रही जनता को राहत देने के लिए उसके पास कोई ठोस रणनीति नजर नहीं आती। यही वजह है कि आज महिलाओं को घर छोड़कर सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
