भोपाल। प्रदेश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे व्यावसायिक उपयोग की गैस 44 तक महंगी हो गई है। इस नई बढ़ोतरी के बाद राजधानी भोपाल में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3116.50 हो गई है। वहीं, प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो इंदौर में अब इसके लिए 3222.50, जबलपुर में 3290, ग्वालियर में 3338.50 और उज्जैन में 3250 चुकाने होंगे।
गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों के भीतर ही कमर्शियल गैस के दाम करीब ₹1300 तक बढ़ चुके हैं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोग और आम जनता पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। जुलाई महीने तक प्रदेश भर में 20 हजार से अधिक शादियां होनी हैं, ऐसे में गैस के दामों में लगातार हो रही इस वृद्धि से आम लोगों का बजट पूरी तरह गड़बड़ाने की आशंका है। सिलेंडर की कीमतें लगातार आसमान छूने के कारण बाजार में खान-पान की चीजें भी महंगी हो गई हैं।
भोपाल होटल एवं रेस्टोरेंट संघ के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली के अनुसार, कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट पहले की तुलना में 60 प्रतिशत तक महंगे हो चुके हैं, जिसके चलते भोपाल में ही खाने-पीने के दाम 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं और आने वाले समय में इनमें और अधिक बढ़ोतरी की पूरी संभावना है। वहीं, नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के एमपी हेड अभिषेक बहेती ने बताया कि पिछले तीन महीनों में चार बार कीमतें बढ़ चुकी हैं, जो सीधे तौर पर आम उपभोक्ताओं की जेब पर असर डाल रही हैं।
मध्य प्रदेश टेंट कैटर्स एसोसिएशन के रामबाबू शर्मा ने बताया कि इस मूल्य वृद्धि से होटल और कैटरिंग की कुल कॉस्टिंग (लागत) पर करीब 10 प्रतिशत का सीधा फर्क पड़ा है। उदाहरण के तौर पर, 500 लोगों के लिए पहले जो खाने का बजट 5 लाख आता था, वह अब 45 से 50 हजार तक बढ़ चुका है, जिससे शादियों के इस सीजन में आम लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं।
