भोपाल। उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित ‘केआईओ सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप 2026’ में मध्य प्रदेश की उभरती हुई खिलाड़ी दीक्षा सिंह गुरूंग ने स्वर्णिम सफलता हासिल की है। 3 से 7 जून तक आयोजित इस पांच दिवसीय प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दीक्षा ने अपने हुनर और तकनीकी श्रेष्ठता का लोहा मनवाते हुए लगातार पांच कड़े मुकाबलों में जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया। दीक्षा की इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि से मध्य प्रदेश के खेल जगत और कराटे प्रेमियों में हर्ष की लहर है।
राजधानी भोपाल के तात्या टोपे (टीटी) नगर स्टेडियम की कराटे खिलाड़ी दीक्षा सिंह गुरूंग ने टूर्नामेंट के पहले ही राउंड से अपनी आक्रामक और सधी हुई रणनीति का प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले दौर में तमिलनाडु की प्रतिद्वंदी को 8-0 के एकतरफा अंतर से करारी शिकस्त दी। इसके बाद अपने शानदार सफर को जारी रखते हुए उन्होंने दमन एवं दीव को 4-2, दिल्ली को 6-1 और रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में बिहार की खिलाड़ी को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी (फाइनल) मुकाबले में दीक्षा का सामना असम की मजबूत खिलाड़ी से हुआ, जहाँ उन्होंने धैर्य और अनुशासन का परिचय देते हुए 1-0 से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
दीक्षा की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे टीटी नगर स्टेडियम में उनके कराटे कोच रुद्र प्रताप सिंह का कड़ा परिश्रम और कुशल मार्गदर्शन रहा है, जिनके प्रशिक्षण में दीक्षा ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन खेल तकनीक और आत्मविश्वास का परिचय दिया। दीक्षा सिंह गुरूंग की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रदेश के खेल अधिकारियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें तथा उनके कोच रुद्र प्रताप सिंह को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
