छिंदवाड़ाः
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका देने वाले अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश शाह पर आज सांसद नकुलनाथ ने उन्ही की विधानसभा क्षेत्र में उन पर बड़ा हमला बोलते हुए उन्हे भरी सभा में बिकाऊ और गद्दार कह दिया।
दरअसल, नकुलनाथ ने अमरवाड़ा विधानसभा के छिंदी में चुनावी आमसभा में कमलेश शाह पर निशाना साधा। उन्होंने आदिवासी समाज के बीच पहुंचकर कमलेश शाह को गद्दार और बिकाउ कहा। उन्होंने आमसभा में कहा कि आदिवासी लोग भोले भाले होते है, सरल व्यवहार के होते है, गद्दार नहीं होते, बिकाउ नहीं होते। लेकिन आपके चुने विधायक गद्दार भी निकले और बिकाउ भी निकले। मैं आपसे पूछना चाहता हूं क्या आप उन्हे माफ करेंगे। आने वाले चुनाव में यदि आप अपने इस गांव से एक तरफा वोट करेंगे, और मुझे जिताएंगे तो मैं समझूंगा कि आपने कभी उन्हे माफ नहीं किया।
अमरवाड़ा विधानसभा में कमलेश पर हमलावर हुए नकुल
नकुलनाथ ने कमलेश शाह के विधानसभा क्षेत्र छिंदी पहुंचे थे। जहां से उन्होंने आदिवासी समाज के बीच पहुंचकर कमलेश शाह को गद्दार कहकर उन पर हमला बोला। नकुलनाथ ने छिंदी की सभा में यह भी जानकारी दी कि वे अमरवाड़ा विधानसभा में पिछले तीन दिनों से है। सिर्फ एक सभा में कमलेश शाह उनके साथ थे। अच्छा हुआ यह उनका आखरी दौरा था मेरे साथ। वहीं, नकुलनाथ ने यह भी कहा कि वे जल्द ही पूर्व विधायक हो जाएंगे।
पहली बार सामने आया नकुलनाथ का बयान
गौर किया जाए तो लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस विधायक कमलेश शाह ने कमलनाथ को झटका देकर विधायक पद से इस्तीफा देते हुए भाजपा ज्वाईन कर ली थी, अब ऐसे में नाथ परिवार का पहला बयान सामने आया है। जब उन्होंने भरी सभा में कमलेश शाह को गद्दार और बिकाऊ कहकर जमकर हमला बोला है।
