भोपाल
राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में उधारी की रकम को लेकर एक दोस्त ने ही अपने दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवक के सीने और पेट में चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल की पत्नी की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
30 हजार रुपये के पीछे खूनी संघर्ष
पुलिस के अनुसार, मूलतः सागर जिले के खुरई का रहने वाला शरद अहिरवार (35) वर्तमान में भोपाल के सेमरा इलाके में किराए से रहता है। शरद ने कुछ साल पहले सागर में रहने वाले अपने दोस्त विकास से 30 हजार रुपये उधार लिए थे। विकास लंबे समय से अपनी रकम वापस मांग रहा था और इसी सिलसिले में रविवार को वह सागर से भोपाल पहुँचा था
बातों में उलझाकर घर ले गया, फिर किया हमला
बताया जा रहा है कि शरद ने पैसे लौटाने का वादा कर विकास को बातों में उलझाया और उसे अपने साथ घर ले आया। रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे विकास नशे की हालत में शरद से विवाद करने लगा। बहस इतनी बढ़ी कि विकास ने चाकू निकालकर शरद पर हमला कर दिया। आरोपी ने एक वार शरद के सीने पर और दूसरा पेट पर किया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
फरार आरोपी की तलाश जारी
वारदात के बाद आरोपी विकास मौके से भाग निकला। घायल शरद की पत्नी आरती अहिरवार की शिकायत पर रविवार रात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Section 307) का प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हवलदार असलम खान द्वारा की जा रही है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
