— 15 जुलाई तक चलेगा अभियान, 20 स्थानों पर और लगेंगे वसूली शिविर
भोपाल।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा मुरैना शहर में बकाया बिल राशि वसूली हेतु शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मुरैना-प्रथम संभाग के अन्तर्गत गणेशपुरा जोन मुरैना शहर जोन एवं दत्तपुरा जोन में विभिन्न जगहों पर शिविर लगाए जा रहे है। यहां 24 जून 2024 को गणेशपुरा जोन के अन्तर्गत 5 नं. गली, गडोरा का पुरा चौराहे पर, मुरैना शहर जोन के अन्तर्गत मित्तल की धर्मशाला दत्तपुरा जोन के अन्तर्गत जेएस गार्डन एवं 25 जून 2024 को गणेशपुरा जोन के अन्तर्गत प्रेमनगर 5 नं. गली, मुरैना शहर जोन के अन्तर्गत जीवाराम की बाउड़ी, दत्तपुरा जोन के अन्तर्गत बीएल गार्डन जगहों पर शिविर लगाए गए हैं। अभी तक यहां पर कुल 6 शिविर लगाए जा चुके हैं। जिनमें कुल बकाया राशि लगभग 21 लाख रूपये वसूल किए जा चुके हैं।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा आगामी दिनों में भी मुरैना शहर में अनेक स्थानों पर शिविर लगाकर वसूली की कार्यवाही की जाएगी। यहां 26 जून से 15 जुलाई 2024 तक कुल 20 जगहों पर वसूली शिविर लगाए जाने हैं।इसी प्रकार मुरैना-द्वितीय संभाग, अम्बाह संभाग एवं सबलगढ़ संभाग के नगरीय क्षेत्रों में भी बकाया बिल वसूली हेतु अभियान चलाया जा रहा है।
इन 20 स्थानों पर लगेंगे वसूली शिविर
मुरैना शहर में जिन 20 स्थानों पर वसूली शिविर लगाए जाएंगे उनमें गणेशपुरा जोन के अंतर्गत मैदा फैक्ट्री में 27 जून 2024 को, अंबेडकर कॉलोनी के चौराहा के पास 28 जून को, काका ढाबा के पास 1 जुलाई को, बीना स्कूल के पास 2 जुलाई को, माता मंदिर के पास 3 जुलाई को, पूर्व पटवारी के पास 4 एवं 5 जुलाई को, हनुमान मंदिर के पास 8 जुलाई को, मयूर टॉकीज के पास 9 जुलाई को, काली माता मंदिर के पास 10 जुलाई को, बीएन गार्डन के पास 11 जुलाई को, बाग बोहरे चौराहे पर 12 जुलाई को, आमपुरा चौराहे पर 15 जुलाई 2024 को वसूली शिविर लगाया जाएगा।
