भोपाल। रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल ‘दादाजी धाम मंदिर’ में गंगा दशहरा एवं अधिकमास के पावन अवसर पर सोमवार से विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया है। इस वर्ष गंगा दशहरा के साथ अधिकमास और सोमवार से ही नौतपा का प्रारंभ होना ज्योतिषीय दृष्टि से अत्यंत दुर्लभ और शुभ संयोग माना जा रहा है। इस महासंयोग पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के दिन ही माँ गंगा का स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। इसी पावन स्मृति में दादाजी धाम में गंगा दशहरा पर्व पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। धार्मिक ग्रंथों के अनुसार इस दिन माँ गंगा के पूजन, जप और आराधना से मनुष्य के दस प्रकार के पापों का नाश होता है। इसी क्रम में मंदिर के पंडित राजेंद्र पलिया द्वारा सोमवार को मंत्रोच्चार के बीच गंगा मैया का अलौकिक श्रृंगार और विशेष पूजन संपन्न कराया गया। पंडित राजेंद्र पलिया ने बताया कि दशमी तिथि 25 मई को प्रातः 7:53 बजे प्रारंभ होकर 26 मई (मंगलवार) को प्रातः 7:31 बजे तक रहेगी।

तिथि के इस गणित के कारण गंगा दशहरा का विशेष पूजन सोमवार और मंगलवार दोनों ही दिन विधि-विधान से कराया जा रहा है, ताकि सभी श्रद्धालु माँ गंगा के अर्चन में सहभागी होकर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम की अगली कड़ी में आज (मंगलवार) को ज्येष्ठ मास के चौथे बड़े मंगल के पावन अवसर पर मंदिर में भगवान श्री हनुमान जी का विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा। इस दौरान मारुति नंदन को नवीन वस्त्र और चोला अर्पित किया जाएगा। इसके बाद भक्तों द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। सायंकाल के सत्र में महिला मंडल द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति और संगीतमय आराधना की जाएगी, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय ऊर्जा से सराबोर रहेगा।
