भोपाल। राजधानी में दहेज प्रताड़ना के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। रविवार को महिला थाने में ऐसे तीन से चार मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें महिलाओं ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
पहले मामले में कुंज नगर बागसेवनिया निवासी 35 वर्षीय नेहा पचौरी ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। नेहा ने बताया कि उसकी शादी दो वर्ष पहले राहुल कोठारी नामक युवक से हुई थी। शादी के करीब एक साल तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन इसके बाद राहुल छोटी-छोटी बातों को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पति उस पर मायके से 5 लाख रुपए नकद और सोने के दो बिस्किट लाने का दबाव बना रहा था। राहुल को किसी रिश्तेदार से पता चला था कि उसके परिवार के पास सोने के बिस्किट हैं, जिसके बाद से वह लगातार यह मांग कर रहा था। दूसरा मामला गांधी नगर क्षेत्र के चोपड़ा कला इलाके से सामने आया है।
यहां रहने वाली 25 वर्षीय प्राची लोधी ने अपने पति सचिन लोधी और ननद ज्योति के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं तीसरे मामले में टीटी नगर के राहुल नगर में रहने वाली 30 वर्षीय सोनाली ने अपने पति आकाश, सास मीना और ननद अनीता पर मायके से दहेज के रूप में 2 लाख रुपए लाने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
