भोपाल। मप्र में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। इस सीजन में पहली बार प्रदेश का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, रतलाम शनिवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 44 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं उमरिया में 43.8 और मंडला में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज कर भीषण गर्मी का अहसास कराया गया। प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी सूरज की तपिश बरकरार है।
ग्वालियर में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री रहा, जबकि जबलपुर में 41.7, भोपाल में 41.4, उज्जैन में 40.6 और इंदौर में पारा 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुंदेलखंड और बघेलखंड के जिलों जैसे खजुराहो, दमोह, नौगांव और सतना में भी पारा 42 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। भीषण गर्मी और दोपहर की तेज धूप के कारण स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भोपाल सहित 12 जिलों के कलेक्टरों ने स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी कर दिए हैं।
राजधानी भोपाल में अब सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित होंगे। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। भोपाल के साथ-साथ ग्वालियर, रतलाम, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, बालाघाट, मैहर, डिंडौरी, अनूपपुर और उमरिया में भी स्कूलों की नई टाइमिंग लागू कर दी गई है, ताकि बच्चों को दोपहर की लू और तपिश से बचाया जा सके।
