भोपाल। अरेरा कॉलोनी इलाके के मशहूर 10 नंबर मार्केट में एक स्टेशनरी दुकान की संचालिका के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की वारदात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नंबर मार्केट में 22 वर्षीय एक युवती स्टेशनरी की दुकान चलाती है। आरोपी मनोज चौधरी उसकी दुकान पर कुछ खरीदारी करने आया था।
इस दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। युवती का आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने उसके साथ अभद्रता की और उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने मनोज चौधरी के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरी ओर, आरोपी मनोज चौधरी ने भी युवती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मनोज का आरोप है कि विवाद के दौरान युवती ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। पुलिस ने मनोज की रिपोर्ट पर युवती के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
