भोपाल। राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पहली घटना गौतम नगर थाना क्षेत्र की है, जहाँ रात करीब 8 बजे भारत पेट्रोल पंप के पास 37 वर्षीय पिंकी सेन सड़क पर बेहोशी की हालत में मिलीं। वहां से गुजर रहे ऑटो चालक प्रदीप ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसा किस वाहन से हुआ, इसका पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सड़क हादसे का दूसरा मामला कटारा हिल्स इलाके के रोपड़िया चौराहे पर सामने आया है। विदिशा निवासी 60 वर्षीय गेंदालाल गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अपने एक साथी के साथ बाइक से जा रहे थे, तभी टर्न पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में गेंदालाल के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस के जरिए उन्हें एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कटारा हिल्स पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
