भोपाल। राजधानी में झांसा देकर लोगों से पैसे हड़पने के दो मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार टीटी नगर क्षेत्र के हर्षवर्धन नगर में रहने वाली 24 वर्षीय युवती ज्योति ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके परिचित युवक राजेंद्र सिंह परमार ने उसे अपने बिजनेस में निवेश करने का लालच दिया था। आरोपी ने निवेश पर हर महीने दोगुना मुनाफा देने का भरोसा दिलाया।
युवती आरोपी की बातों में आ गई और उसने अपनी जमा पूंजी में से 5 लाख रुपए उसे दे दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद से आरोपी न तो वादा किया गया मुनाफा दे रहा है और न ही मूल राशि वापस कर रहा है। पैसे मांगने पर वह युवती को धमकाने लगा। परेशान होकर युवती ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं, शाहजहांनाबाद क्षेत्र में रहने वाले असदुल्लाह खान ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि फैसल और सलामत खान ने 21 अप्रैल 2022 को निवेश के नाम पर उससे 5 लाख 60 हजार रुपए ले लिए थे। आरोपियों ने निवेश पर अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाया था, लेकिन न तो मुनाफा दिया और न ही ली गई रकम वापस की।
