नई दिल्ली,
दिल्ली में विधानसभा के विशेष सत्र के बीच पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, उन्होंने बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता से मुलाकात की और उनसे सवाल किया कि उनकी गिरफ्तारी से बीजेपी ने क्या हासिल किया. केजरीवाल का कहना है कि ‘इस पर उस नेता ने जवाब दिया कि “दिल्ली सरकार अब पटरी से उतर गई है और कई काम रुक गए हैं.”
क्या बोले अरविंद केजरीवाल?
केजरीवाल ने सवाल उठाया, “क्या मेरी गिरफ्तारी का मुख्य उद्देश्य दिल्ली सरकार को ठप करना और दिल्ली के लोगों को तकलीफ देना था?” उन्होंने दिल्लीवासियों को आश्वासन देते हुए कहा, “मैं वापस आ गया हूं — आपका काम पूरा होगा.” उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय की सड़कों से लेकर दिल्ली की बाकी सड़कों को भी ठीक किया जाएगा. इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री आतिशी से आग्रह किया है. उन्होंने यह भी कहा, “सारे काम फिर से शुरू करेंगे. मैं जेल में भी ऐक्शन मोड में था.”
दिल्ली की सड़कों का किया औचक निरीक्षण
सीएम आतिशी और अरविंद केजरीवाल ने सड़कों का औचक निरीक्षण किया. दिल्ली की सड़कों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अचानक निरीक्षण किया. विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होने से पहले दोनों नेता सड़कों की स्थिति का जायजा लेने निकले थे.
विधानसभा सत्र में क्या होने वाला है?
बता दें कि गुरुवार को दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र है. दिल्ली सरकार में मंत्री रहीं आतिशी के सीएम बनने के बाद यह उनका पहला विधानसभा सत्र है. कयास हैं कि इस सत्र में आतिशी को फ्लोर टेस्ट से गुजरना पड़ सकता है. वहीं ये भी सवाल है कि क्या सीएम ऑफिस की तरह विधानसभा में केजरीवाल के लिए कुर्सी खाली रखी जाएगी? इसके अलावा इस विधानसभा सत्र के हंगामेदार रहने के तो पूरे आसार हैं, क्योंकि बीजेपी ने 14 सूत्रीय मुद्दे उठाने की प्लानिंग कर ली है.
