15.5 C
London
Tuesday, April 28, 2026
Homeराज्यबिहार में नीतीश-तेजस्वी सरकार की 'महा-परीक्षा', स्पीकर का इस्तीफे से इनकार, मचा...

बिहार में नीतीश-तेजस्वी सरकार की ‘महा-परीक्षा’, स्पीकर का इस्तीफे से इनकार, मचा घमासान

Published on

पटना,

बिहार में नीतीश-तेजस्वी की नई सरकार को कल विधानसभा में बहुमत साबित करना है. लेकिन इससे पहले वहां नया राजनीतिक ड्रामा शुरू हो गया है. विजय कुमार सिन्हा ने बिहार विधानसभा के स्पीकर पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है. बीजेपी नेता और विधानसभा स्पीकर विजय कुमार सिन्हा के खिलाफ महागठबंधन की नई सरकार के विधायक अविश्वास प्रस्ताव लाए थे.

अविश्वास प्रस्ताव के बावजूद विजय कुमार सिन्हा ने इस्तीफा देने ने इनकार किया है. उन्होंने नीतीश-तेजस्वी सरकार के विधायकों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सवाल खड़े करते हुए उसे अवैधानिक बताया है. कहा गया कि नियमों का पालन किए बिना इसको लाया गया है.

स्पीकर बोले- आत्मसम्मान को ठेस पहुंची
विजय कुमार सिन्हा ने पत्रकारों से कहा है कि अविश्वास प्रस्ताव में संसदीय नियमों का ख्याल नहीं रखा गया. मुझपर पक्षपात और तानाशाही का आरोप लगा है. दोनों ही आरोप फर्जी हैं. इन हालातों में इस्तीफा देना मेरे आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाएगा.

बता दें कि बिहार में जब बीजेपी-JDU की सरकार थी तब बीजेपी नेता विजय कुमार सिन्हा को विधानसभा स्पीकर बनाया गया था. लेकिन अब नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव की पार्टी RJD संग सरकार बना ली है. इस तरह बीजेपी सत्ता से बाहर हो गई है. नंबर गेम में भी बीजेपी पिछड़ी हुई है. बहुमत परीक्षण पर पूछे गए सवाल पर सिन्हा ने कहा कि फिलहाल मैं स्पीकर की कुर्सी पर हूं. मैं नियमों के हिसाब से अपना काम करूंगा.

डिप्टी स्पीकर ने उठाए सवाल
बिहार विधानसभा के डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी ने विजय कुमार सिन्हा के फैसले पर सवाल उठाए हैं. वह बोले कि अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद आसन से दूर होना चाहिए. आसन पर बैठने की बात करना एकदम दूर्भाग्यपूर्ण है. वह बोले कि नैतिकता का अगर कोई ख्याल ना करे तो क्या कह सकते हैं.

कौन कराएगा फ्लोर टेस्ट, सस्पेंस बरकरार
बता दें कि बिहार विधानसभा का विशेष सत्र कुल दो दिन चलना है. इसमें कुल दो कार्य होने हैं. पहला नई सरकार का फ्लोर टेस्ट. दूसरा स्पीकर के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग. यह भी तय हो गया है कि पहले फ्लोर टेस्ट होगा. हालांकि, महागठबंधन सरकार स्पीकर के खिलाफ नो कंफिडेंस मोशन नोटिस ला चुकी है. इसलिए वह चाहती है कि सभा का संचालन अध्यक्ष की जगह उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी करे. लेकिन अब अविश्वास प्रस्ताव को कार्य की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रखा गया है. मतलब स्पीकर विजय सिन्हा ही फ्लोर टेस्ट कराएंगे. वहीं अगर किन्हीं कारणों से स्पीकर कल इस्तीफा दे देते हैं या उनको वोटिंग से हटा दिया जाता है तो विधानसभा सत्र एक दिन बढ़ सकता है.

महागठबंधन में भी सब ठीक नहीं
नीतीश कुमार ने इसी महीने बीजेपी का साथ छोड़कर तेजस्वी यादव संग मिलकर सरकार बनाई है. बिहार की नई महागठबंधन सरकार में कुल पांच दल शामिल हैं. लेकिन इस नई सरकार के साथ सुशासन बाबू एक हफ्ते में असहज होते दिख रहे हैं.

दरअसल, महागठबंधन के साथ सरकार बनाते ही उनके सिर पर कई तरह आरोप मढ़ दिये गए हैं. इसमें RJD कोटे के मंत्रियों के भ्रष्टाचार और घोटाले के साथ अब तेज प्रताप की ओर से सरकारी बैठक में रिश्तेदार को लेकर जाने की बात शामिल है. पांच करोड़ के चावल घोटाला आरोपी कृषि मंत्री और अपहरण के आरोपी मंत्री के शपथ लेने के साथ सवालों का बौछार शुरू हो गई है.

सियासी जानकारों और जदयू के सूत्रों की मानें, तो रोजाना आ रही इन खबरों से नीतीश कुमार तनाव में आ गए हैं. लेकिन वे अपने कैबिनेट के मंत्रियों को कुछ कह भी नहीं पा रहे हैं.

सीपीआईएमएल ने भी नीतीश सरकार को घेरा
इतना ही नहीं महागठबंधन की महत्वपूर्ण सहयोगी सीपीआईएमएल ने पिछले दिनों आरजेडी कोटे से कार्तिकेय सिंह को कानून मंत्री बनाए जाने पर आपत्ति जताई थी और नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव से इस फैसले पर पुनर्विचार के लिए कहा था. अब सोमवार को शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर सीपीआईएमएल ने नीतीश सरकार पर हमला बोला है.

सीपीआईएमएल ने शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज को लेकर कहा है कि 7 वें चरण की शिक्षक बहाली को लेकर आंदोलनरत अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज निंदनीय है. सीपीआईएमएल ने कहा है कि पुरानी सरकार की तर्ज पर महागठबंधन सरकार लाठी-गोली की भाषा न दुहराए और अभ्यर्थियों से वार्ता करे. सीपीआईएमएल ने मांग की है कि सोमवार की घटना में दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए.

बीजेपी ने बनाई रणनीति
बिहार में फ्लोर टेस्ट से पहले बीजेपी की प्रदेश इकाई ने सभी एमएलए और एमएलसी के साथ बैठक की. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई और 24 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र पर चर्चा हुई. मीटिंग के बाद स्पीकर के बवाल पर एमएलसी नवल किशोर यादव ने कहा कि जब सरकार बहुमत में है तो किसी से इस्तीफा क्यों करवाना चाहते हैं.

क्या है बिहार विधानसभा का गणित?
बिहार में कुल विधानसभा सीट 243 हैं. लेकिन RJD के एक विधायक के निधन के कारण फिलहाल 242 विधायक हैं. ऐसे में बहुमत का आंकड़ा 122 है. विभिन्न दलों की मौजूदा स्थिति इस प्रकार है –
बीजेपी : 77
आरजेडी : 79
जेडीयू : 45
कांग्रेस : 19
सीपीआई (M-L) : 12
सीपीआई : 4
HAM : 4
एआईएमआईएम : 1
निर्दलीय : 1

इनमें से भारतीय जनता पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM के इकलौते विधायक को छोड़कर बाकी सभी विधायक महागठबंधन का सपोर्ट कर रहे हैं. इस तरह नीतीश कुमार ने 164 विधायकों के समर्थन का दावा किया है.

Latest articles

विधानसभा में 33% महिला आरक्षण का संकल्प पारित: CM बोले-कांग्रेस ने बहनों की क्षमता-आकांक्षाओं की पीठ में खंजर घोंपा

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के विशेष एक दिवसीय सत्र में सोमवार को ‘नारी शक्ति वंदन’...

मनरेगा ई-केवाईसी में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल: 97.11% लक्ष्य पूरा कर रचा इतिहास, बड़े राज्यों को भी पछाड़ा

  रायपुर। छत्तीसगढ़ ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के क्रियान्वयन में...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से की शिष्टाचार भेंट, विकास और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने बेंगलुरु प्रवास के दौरान कर्नाटक के...

More like this

मनरेगा ई-केवाईसी में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल: 97.11% लक्ष्य पूरा कर रचा इतिहास, बड़े राज्यों को भी पछाड़ा

  रायपुर। छत्तीसगढ़ ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के क्रियान्वयन में...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से की शिष्टाचार भेंट, विकास और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने बेंगलुरु प्रवास के दौरान कर्नाटक के...