कन्याकुमारी
कन्याकुमारी से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू हो गई है. राहुल गांधी ने इस यात्रा को हरी झंडी दिखा दी है. हालांकि अपनी सेहत की वजह से सोनिया गांधी यात्रा में शामिल नहीं हो सकीं. 3570 किलोमीटर की यह यात्रा 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों तक जाएगी. इस यात्रा के जरिए एक तरफ एकता का संदेश दिया जाएगा तो दूसरी तरफ 2024 के लोकसभा चुनाव की राजनीतिक बिसात भी बिछाई जाएगी.
भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के बाद राहुल गांधी बीजेपी पर हमलावर हो गए. उन्होंने कहा- उन्हें (बीजेपी) लगता है कि वे सीबीआई और ईडी का उपयोग करके विपक्ष को डरा सकते हैं. समस्या यह है कि भारतीय लोग डरे नहीं. उन्होंने कहा कि कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कितने घंटे पूछताछ करते हैं. कोई भी विपक्षी नेता डरने वाला नहीं है. बीजेपी को लगता है कि वे धर्म और भाषा के आधार पर देश को बांट सकते हैं लेकिन इस देश का बंटवारा नहीं हो सकता. यह देश अखंड रहेगा.
राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के बाद कहा कि ऐसा क्यों है कि आजादी के इतने सालों बाद हमें इसकी जरूरत महसूस हो रही है. न सिर्फ कांग्रेस पार्टी बल्कि लाखों-करोड़ों को भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत महसूस हो रहे हैं. देश में ऐसा क्या हो रहा है कि लाखों लोगों को लगता है कि भारत को एक साथ लाने के लिए कदम उठाने की जरूरत है.
भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने के बाद राहुल गांधी ने बीजेपी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि वे (बीजेपी) सोचते हैं कि यह (तिरंगा) उनकी निजी संपत्ति है. उन्होंने कहा कि यह तिरंगा इतनी आसानी से नहीं मिला. इसे हमें किसी ने दिया नहीं था. यह उपहार नहीं था. इसे भारतीयों ने अर्जित किया था. राहुल गांधी ने कहा कि यह ध्वज इस देश में रहने वाले हर नागरिक का प्रतिनिधित्व करता है. तिरंगे को किसी एक व्यक्ति द्वारा अर्जित नहीं किया गया था. इसे हर भारतीय द्वारा अर्जित किया गया था.
भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस का होगा कायाकल्प: सोनिया गांधी
भारत जोड़ो यात्रा के शुभारंभ के मौके पर मौजूद न रहने पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने खेद जताया. उन्होंने लेटर लिखा- मेडिकल चेकअप होने के कारण मैं ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो पाई, इसके लिए मुझे खेद है.उन्होंने लिखा- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर है. मुझे विश्वास है कि हमारे संगठन का कायाकल्प होगा. यह भारतीय राजनीति में एक परिवर्तनकारी क्षण भी है. उन्होंने कहा- मैं हर दिन भारत जोड़ी यात्रा में विचार और भावना से भाग लूंगी. मैं निश्चित रूप से इसे लाइव देखूंगी. तो आइए हम अपने संकल्प में एकजुट और दृढ़ रहें. जय हिन्द…
राहुल गांधी की रैली में जब नेता ही बन गए फोटोग्राफर
भारत जोड़ो यात्रा रवाना करने के बाद कन्याकुमारी में ही राहुल गांधी की एक मेगा रैली थी. इस दौरान शशि थरूर, कुमारी शैलजा, मुकुल वासनिक, अविनाश पांडे, रजनी पाटिल मंच से तस्वीरें लेते दिखे.
बीजेपी बोली- भारत जोड़ो नहीं परिवार जोड़ो
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कुछ देर में शुरू होने वाली है. कई पोस्टर भी सोशल मीडिया पर वायरल हैं. ऐसा ही एक पोस्टर है जिसमें रॉबर्ट वाड्रा, सोनिया और प्रियंका गांधी भी नजर आ रहे हैं. अब उसी पोस्टर पर बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा है कि ये भारत जोड़ो नहीं बल्कि परिवार जोड़ो यात्रा है.
बीजेपी ने ट्वीट किया कांग्रेस छोड़ो यात्रा
बीजेपी कर्नाटक ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तंज कसा. उसने ट्वीट किया- तमिलनाडु के कन्याकुमारी में भारत जोड़ो यात्रा का राहुल गांधी द्वारा #FirstDayFirstShow किया गया. बीजेपी ने सवाल किया कि सुनामी किस तरफ से आई? क्या लोगों ने इसे आते हुए नहीं देखा? हम आपकी शेष यात्रा और आपके द्वारा साझा किए जाने वाले ज्ञान की मोतियों की प्रतीक्षा कर रहे हैं. #कांग्रेसछोड़ोयात्रा
