12.8 C
London
Monday, May 4, 2026
Homeराष्ट्रीयफ्लाइटों का बैलगाड़ी जैसा हाल, स्‍कूल टाइम चेंज, दिल्‍ली के घने कोहरे...

फ्लाइटों का बैलगाड़ी जैसा हाल, स्‍कूल टाइम चेंज, दिल्‍ली के घने कोहरे ने तो रुला मारा!

Published on

नई दिल्‍ली

घने कोहरे ने राजधानी की रफ्तार थाम दी है। लोग एडजस्‍टमेंट करने को मजबूर हो गए हैं। ट्रेन तो ट्रेन फ्लाइटों का हाल भी बैलगाड़‍ियों जैसा हो गया है। रविवार सुबह घने कोहरे के कारण दिल्‍ली एयरपोर्ट में अफरातफरी मच गई। 100 से ज्‍यादा फ्लाइट लेट हुईं। करीब 10 का रूट डायवर्ट करना पड़ा। प्‍लेन के अंदर बैठे यात्री कोसने लगे कि किस घड़ी उन्‍होंने टिकट बुक करा लिया। खराब मौसम के कारण कई फ्लाइट 8 घंटे एक ही जगह खड़ी की खड़ी रह गईं। मौसम की मार रविवार को बच्‍चों के स्‍कूलों तक भी पहुंच गई। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय (डीओई) ने इसी दिन सर्कुलर जारी किया। इसमें स्‍कूलों को सुबह नौ बजे से क्‍लास शुरू करने का निर्देश दिया गया। उन्‍हें शाम पांच बजे के बाद किसी भी हाल में क्‍लास नहीं लगानी हैं। राजधानी संडे को भी कड़ाके की ठंड की चपेट में रही। न्यूनतम तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह इस सर्दी का सबसे कम तापमान है। शहर के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा।

दिल्‍ली के मौसम ने जनजीवन पर असर डाला है। हवाई अड्डे पर सुबह घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी बहुत ज्‍यादा गिर गई। इससे कुल 10 उड़ानों का मार्ग बदला गया। करीब 100 उड़ानों में विलंब हुआ। कुछ को रद्द कर दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि सुबह साढ़े चार बजे से दोपहर 12 बजे के बीच दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों सहित कुल 10 उड़ानों को जयपुर की ओर रवाना किया गया। खराब मौसम के कारण विदेशी सेवाओं सहित लगभग 100 उड़ानों में देरी हुई। कुछ उड़ानें रद्द कर दी गईं।

फ्लाइट में 8 घंटे एक जगह बैठे रहे यात्री
प्रभावित उड़ानों में राष्ट्रीय राजधानी से वैंकूवर (कनाडा) जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान एआई 185 को रीशेड्यूल किया गया। इसे तड़के रवाना होना था। यात्रियों को उतरने से पहले कई घंटों तक विमान के अंदर इंतजार करना पड़ा। सुबह पांच बजे रवाना होने वाली उड़ान घने कोहरे के कारण उड़ान नहीं भर सकी। कुछ घंटों के इंतजार के बाद उड़ान के प्रस्थान को पुनर्निर्धारित करने का फैसला लिया गया। अब इस उड़ान के रात लगभग साढ़े 11 बजे रवाना होने की उम्मीद है। यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

दिल्ली एयर पोर्ट ने सुबह आठ बजकर 38 मिनट पर बताया कि घने कोहरे के कारण उड़ान परिचालन पर असर पड़ सकता है। उसने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया, ‘यात्रियों से अनुरोध है कि वे उड़ान से संबंधित अपडेट जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।’ दिल्ली समेत उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में रविवार को घना कोहरा छाया रहा। कई स्थानों पर विजिबिलिटी लेवल शून्य मीटर तक गिर गया।

इंडिगो से लेकर विस्‍तारा तक एक ही हाल
एयरलाइन ‘इंडिगो’ ने सुबह छह बजकर 17 मिनट ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट में कहा कि उत्तर भारत में मौजूदा मौसम की चुनौतियों के कारण उड़ान कार्यक्रम में रुकावट आ सकती है।‘विस्तारा’ ने सुबह छह बजकर 38 मिनट पर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली में घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी के कारण दिल्ली से आगमन और प्रस्थान प्रभावित हो सकता है।

‘अकासा एयर’ ने दोपहर 12 बजकर 12 मिनट पर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘दिल्ली, चेन्नई, वाराणसी, बागडोगरा और लखनऊ में प्रतिकूल मौसम (कोहरे) के कारण हमारा उड़ान कार्यक्रम प्रभावित हुआ है, जिसके कारण यात्रा में देरी हो सकती है। हम समझते हैं कि यह आपकी यात्रा योजनाओं को प्रभावित कर सकता है और असुविधा के लिए खेद है…।’

दोपहर एक बजकर 35 मिनट पर सोशल मीडिया पोस्ट में ‘अकासा एयर’ ने कहा कि वाराणसी में कोहरे के कारण चार उड़ान रद्द कर दी गई हैं। इनमें बेंगलुरु-वाराणसी, वाराणसी-मुंबई, मुंबई-वाराणसी और वाराणसी-बेंगलुरु उड़ान शामिल हैं। पिछले साल 25-28 दिसंबर के दौरान घने कोहरे के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन काफी प्रभावित हुआ था। विभिन्न एयरलाइन की लगभग 60 उड़ानों का मार्ग बदला गया था।

स्‍कूलों का टाइम टेबल आया
खराब मौसम का असर बच्‍चों के स्‍कूलों तक भी पहुंचा। इस बारे में डीओआई ने एक सर्कुलर जारी किया। इसमें उसने कहा, ‘कोहरे की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर एहतियात बरतते हुए कोई भी स्कूल (डबल-शिफ्ट स्कूलों सहित) सुबह नौ बजे से पहले शुरू नहीं होगा। अगले निर्देश तक शाम पांच बजे के बाद कक्षाएं नहीं आयोजित होंगी।’

सर्कुलर के मुताबिक, सभी शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारी हमेशा की तरह ड्यूटी पर आएंगे। स्कूल प्रमुखों को सभी छात्रों, अभिभावकों और कर्मचारियों को रविवार को संशोधित कार्यक्रम के बारे में सूचित करना होगा।

आगे कैसा रहने वाला है मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी में अगले दो दिन तक घने कोहरे और शीत लहर की स्थिति का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा कि शहर में 20 जनवरी तक घना कोहरा छाया रह सकता है। इससे पहले शीत लहर की स्थिति को देखते हुए प्राथमिक कक्षा के छात्रों के लिए शहर के स्कूलों में शीतकालीन छुट्टियां छह जनवरी से 12 जनवरी तक बढ़ा दी गई थीं।

Latest articles

नये मध्यप्रदेश का मार्वलस माइलस्टोन साबित होगा इन्दौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 2360 करोड़ की लागत के इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर के पहले...

किसके सिर सजेगा ताज : पांच राज्यों की विधानसभा 823 सीटों के लिए आज होगी मतगणना

नई दिल्ली। देश के पांच बड़े चुनावी मोर्चों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरलम और...

जबलपुर बरगी डैम हादसा: राजधानी में बरपा युवा कांग्रेस का कहर

पर्यटन मंत्री के बंगले पर '11 अर्थियाँ' लेकर पहुँचे कार्यकर्ता भोपाल। जबलपुर के बरगी डैम...

8 करोड़ की लागत से बेहतर होगा सड़क परिवहन : राज्यमंत्री गौर

मिसरोद और बरखेड़ा पठानी में क्रमश: 2 करोड़ 68 लाख और 2 करोड़ 70...

More like this

किसके सिर सजेगा ताज : पांच राज्यों की विधानसभा 823 सीटों के लिए आज होगी मतगणना

नई दिल्ली। देश के पांच बड़े चुनावी मोर्चों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरलम और...

बंगाल में 8 एग्जिट पोल में से 6 में भाजपा सरकार, असम में BJP, तमिलनाडु में DMK की वापसी

केरल में 10 साल बाद UDF सरकार का अनुमान नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा...

बंगाल चुनाव में ‘बंपर वोटिंग’, आज़ादी के बाद बना नया रिकॉर्ड, पहले चरण में 93% मतदान

तमिलनाडु के इतिहास में अब तक की सबसे ज़्यादा 85% वोटिंग कोलकाता। पश्चिम बंगाल और...