बीजिंग
चीन की सरकार ने राजधानी बीजिंग और उत्तर के अन्य क्षेत्रों में स्थानीय अधिकारियों से कहा कि वे टाइफून डोक्सुरी के कारण हुई भारी बारिश के बीच बाढ़ से निपटने के लिए तैयार रहें। बाढ़ नियंत्रण अधिकारियों ने रविवार को बीजिंग, तियानजिन, हेबेई, शांक्सी और हेनान प्रांतों के लिए अपने इमरजेंसी रिस्पॉन्स ऑर्डर को लेवल-2 पर अपग्रेड कर दिया। इस बीच चीन से बाढ़ का एक भयानक वीडियो सामने आया है जिसमें दर्जनों गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बहती नजर आ रही हैं।
चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने यह वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। वीडियो में तेज पानी अपने साथ कई गाड़ियों को बहाता नजर आ रहा है। वीडियो के साथ ग्लोबल टाइम्स ने लिखा, ‘सोमवार को ऑनलाइन शेयर हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पश्चिमी बीजिंग उपनगरों में भारी बारिश के कारण बाढ़ आ गई है। कथित तौर पर कुछ निवासी ऊंची जगहों पर रेस्क्यू का इंतजार कर रहे हैं, कारें बाढ़ के पानी में बहती नजर आ रही हैं।’
Video clips circulating online on Monday show days of heavy rainfall causing flash floods in the western Beijing suburbs. Some residents are reportedly waiting for rescue onto higher land, as numerous cars were swept away by floodwaters. See video: pic.twitter.com/QaCjXeYoUJ
— Global Times (@globaltimesnews) July 31, 2023
प्लेन से लेकर ट्रेन तक प्रभावित
कैपिटल इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया पर कहा कि रविवार को दोपहर 3 बजे तक 52 उड़ानें रद्द कर दी गईं। वहीं चाइना सेंट्रल टेलीविजन की रिपोर्ट के अनुसार, तियानजिन एयरपोर्ट ने सुबह 10 बजे तक 42 उड़ानें रद्द कर दीं। रेल अधिकारियों ने कहा कि बीजिंग और गुआंगज़ौ के बीच चलने वाली कुछ ट्रेनों में थोड़ी देरी हुई क्योंकि भारी बारिश के कारण लाइन के कुछ हिस्सों की जांच की जा रही थी।
चीन में डोक्सुरी की दहशत
इस साल के पांचवें तूफान डोक्सुरी ने शुक्रवार को पूर्वी चीन के फुजियान प्रांत में दस्तक दी थी जिससे तेज हवाएं और भारी बारिश हुई थी। फुजियान प्रांतीय मौसम विज्ञान ब्यूरो ने बताया कि तूफान सुबह करीब 9:55 बजे जिनजियांग शहर के तटीय इलाकों में पहुंचा और इसके केंद्र के पास 50 मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से तूफान आया। तूफान को लेकर चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (एनएमसी) ने शुक्रवार को एक रेड अलर्ट जारी किया था, जो उसकी चार स्तरीय चेतावनी प्रणाली में सबसे गंभीर है।
