जबलपुर
सिविल लाइन्स स्थित रेलवे की मिलेनियम कालोनी में उस समय सनसनी फैल गई जब यहां से दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया। कॉलोनी में रहने वाले राजकुमार विश्वकर्मा रेलवे कर्मचारी और उसके 8 साल के बेटे की हत्या कर दी गई। जहां मृतक पिता का शव सोफे पर तो वहीं बेटे का शव फ्रिज के अंदर से बरामद हुआ है। वहीं, घर से 14 साल की नाबालिग बेटी लापता है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
दरअसल, मृतक अधिकारी राजकुमार विश्वकर्मा रेलवे में कार्यालय एसपी के पद पर पदस्थ थे। राजकुमार दो बच्चों जिनमें एक बेटी काव्या (14 साल) और 8 साल के बेटे तनिष्क के साथ रहते थे। उनकी पत्नी की मौत मई 2023 में हो गई थी। वह काफी लंबे समय से बीमार थी।
पड़ोसी के खिलाफ की थी शिकायत
मृतक रेलवे अधिकारी का किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हालांकि मिली जानकारी के मुताबिक बीते साल सितंबर में राजकुमार की नाबालिग बेटी की तरफ से पड़ोस में रहने वाले मुकुल सिंह नाम के युवक के खिलाफ छेड़छाड़ और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद पुलिस ने धारा 363 का मुकदमा दर्ज कर मुकुल को जेल भेज दिया था। कुछ दिन पहले ही मुकुल बेल पर जेल से छूटकर आया था और आज घटना के बाद से वह भी गायब है।
राजकुमार विश्वकर्मा के भाई इटारसी में रहते हैं. उनकी बेटी के फोन पर एक वॉइस मैसेज आया था, जिसमें राजकुमार विश्वकर्मा की 14 साल की बेटी आर्या ने कहा था कि मुकुल ने उसके पिता और भाई को मार दिया है.इस वारदात की सूचना पर एसपी आदित्य प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे. एसपी ने बताया कि पुलिस जब घर का दरवाजा तोड़कर घर में पहुंची तो राजकुमार विश्वकर्मा एक कमरे में सोफे पर मृत मिले, वहीं उनके पुत्र का शव फ्रिज के अंदर मिला. घटना के बाद से राजकुमार विश्वकर्मा की बेटी का पता नहीं चला है.
घटना के बाद से रेलवेकर्मी की बेटी लापता, तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, मामला संदिग्ध है. फिलहाल राजकुमार विश्वकर्मा की गायब बेटी के साथ संदिग्ध आरोपी मुकुल सिंह की तलाश की जा रही है. घटना के बाद एफएसएल टीम, पुलिस अधिकारी और आरपीएफ मौके पर पहुंची. प्रथम दृष्ट्या आशंका है कि मुकुल ने किसी तरह उनके घर में प्रवेश किया और राजकुमार और उनके बेटे की हत्या कर दी.
इसी दौरान राजकुमार की बेटी ने उससे छिपकर मोबाइल पर वॉइस मैसेज अपने रिश्तेदारों को भेज दिया. इसके बाद मुकुल राजकुमार की बेटी को जबरन अपने साथ ले गया. हालांकि अभी तक यह सिर्फ अनुमान है. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद राजकुमार और उनके परिजन इटारसी से जबलपुर पहुंच गए हैं.
