लंदन
ब्रिटेन में हिंदू मंदिर पर हमले के मामले में भारतीय उच्चायोग ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ब्रिटेन के लीसेस्टर में पुलिस की मौजूदगी में एक शख्स ने मंदिर के बाहर भगवा झंडा तोड़ दिया। जिसका वीडियो अब तेजी से इंटरनेट पर शेयर किया जा रहा है। लीसेस्टर पुलिस का कहना है कि उन्हें इस घटना के बारे में पता है और वह इस मामले की जांच कर रहे हैं। ये घटना कुछ दिनों पहले क्रिकेट से जुड़े एक विवाद के बाद आई है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस घटना को अंजाम देने वाली भीड़ पाकिस्तानी मुस्लिमों की है।
कुछ दिनों पहले जब क्रिकेट से जुड़ा विवाद हुआ था तब भी भारतीय खासकर हिंदुओं को लीसेस्टर में निशाना बनाया गया था। मंदिर को निशाना बनाए जाने पर भारतीय उच्चायोग ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। एक बयान में भारतीय उच्चायोग ने कहा, ‘हम लीसेस्टर में भारतीय समुदाय के खिलाफ हुई हिंसा और हिंदू धर्म के परिसरों और प्रतीकों की तोड़फोड़ की कड़ी निंदा करते हैं। हमने ब्रिटेन के अधिकारियों के साथ इस मामले को मजबूती से उठाया है और इन हमलों में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। हम अधिकारियों से प्रभावित लोगों को सुरक्षा प्रदान करने का आह्वान करते हैं।’
Any other group acting like this, would see cops in riot gear out – why are @leicspolice taking such a soft line with these thugs?#Leicester
— Steve 🇬🇧🏴🏴 (@LordCLQTR) September 18, 2022
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि काले कपड़े में बहुत से लोग हूटिंग और नारेबाजी कर रहे हैं। लीसेस्टर पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘हम उस वीडियो के बारे में जानते हैं, जिसमें एक शख्स एक धार्मिक इमारत के सामने लगे झंडे को खींच रहा है। इस दौरान पुलिस बाकी भीड़ को काबू कर रही थी। हम हिंसा और अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं करते इस मामले की जांच हो रही है।’
एशिया कप के बाद हिंदू-मुस्लिमों में बढ़ा तनाव
पिछले महीने एशिया कप मैच के बाद से ही लीसेस्टर में हिंदू और पाकिस्तानी मुस्लिमों के बीच सांप्रदायिक तनाव है। जिस मैच में भारत ने पाकिस्तान को हराया था उसी के बाद से ही हिंसा के मामले देखे गए हैं। उसके बाद लीसेस्टर में कुछ दिनों पहले एक और घटना हुई थी, जिसमें पाकिस्तानी मुस्लिम गैंग बना कर भारतीयों को निशाना बना रहा थे। भारतीयों के ऊपर चाकू से हमले की भी कोशिश की गई। इस दौरान भी एक शख्स ने एक घर के आगे लगे भगवा झंडे को उखाड़ा था।
