सीधी ,
मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. जिले के एक सरकारी स्कूल में अतिथि शिक्षक ननद के स्थान पर भाभी नौकरी करती मिली. मामला सामने आने के बाद अब शिक्षा विभाग के अधिकारी जांच का आश्वासन दे रहे हैं.यह पूरा मामला जनपद शिक्षा केंद्र सिहावल के तहत आने वाले संकुल केंद्र हटवा खास के प्राथमिक शाला खाड़ी मुसलमान बस्ती का है. अतिथि शिक्षक के रूप में सिर्फ कागजों में सोनम सोनी नौकरी कर रही थीं. जबकि स्कूल में बच्चों को पढ़ाने उनकी भाभी शुभी सोनी आती थी.
पता चला कि असली अतिथि शिक्षक सोनम सोनी अपने पति के साथ ससुराल में रहती हैं. मामला प्रकाश में आने के बाद अब जिला शिक्षा अधिकारी जांच करने की बात कह रहे हैं. सीधी जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल मिश्रा ने बताया कि मामला मीडिया की वजह से संज्ञान आया है. इस मामले में संकुल प्राचार्य से जांच करवाई जाएगी. अगर जो भी दोषी व्यक्ति होगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
