नई दिल्ली,
लोकसभा चुनाव में अभी छह महीने से अधिक का समय बचा है. चुनाव कार्यक्रम का ऐलान भी नहीं हुआ है और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने दिल्ली में चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं. बीजेपी ने पहले दिल्ली की हर सीट के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की और इसके बाद अब प्रचार के लिए मोबाइल रथ भी मैदान में उतार दिए हैं जिन पर लिखा है- ‘धन्यवाद मोदीजी’.
दिल्ली बीजेपी के प्रभारी बैजयंत जय पांडा ने मंगलवार को पार्टी के वीडियो वैन हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिए. ये वीडियो वैन दिल्ली के सभी सात लोकसभा क्षेत्रों में जाएंगे. बीजेपी की योजना इन वीडियो वैन के जरिए मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाने और दिल्ली सेवा बिल को लेकर जागरूक करने की है.
चुनाव में अभी बहुत समय है और बीजेपी के मोबाइल वीडियो वैन मैदान में आ चुके हैं. दिल्ली के हर लोकसभा क्षेत्र में जाकर ये वीडियो वैन मोदी सरकार की उपलब्धियां बताएंगे और ये भी कि दिल्ली सेवा बिल की जरूरत क्यों? सवाल ये भी खड़े हो रहे हैं कि बीजेपी के मोबाइल वीडियो वैन एमसीडी चुनाव में हार से सबक है या नए गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस यानी I.N.D.I.A. गठबंधन में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के साथ आ जाने का डर?
क्या कहते हैं बीजेपी के नेता?
बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा है कि हर लोकसभा क्षेत्र में जाकर ये वीडियो वैन केजरीवाल का काला चिट्ठा खोलेंगे. पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने केजरीवाल सरकार पर असेंबली के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि ज्यादा दिन तक झूठ नहीं चलेगा, इस वैन का यही संदेश है. दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सेवा बिल क्यों जरूरी है? गृह मंत्री अमित शाह ने ये विस्तार से बताया था. हम इसे विस्तार से जनता के बीच लेकर जा रहे हैं.
क्या कहते हैं जानकार?
वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार सिंह कहते हैं कि दिल्ली सेवा बिल बीजेपी के लिए गले की फांस बन गया है. आम आदमी पार्टी जिस तरह से इस मुद्दे को राष्ट्रीय रंग देने में जुटी थी और एक हद तक इसमें सफल भी रही, रणनीति साफ है कि पार्टी इसे अब जनता के बीच दिल्ली की अस्मिता से जोड़कर ले जाएगी. आम आदमी पार्टी अपनी रणनीति में सफल रही तो बीजेपी की राह मुश्किल हो सकती है.
