नई दिल्ली
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और लेफ्टिनेंट गवर्नर वीके सक्सेना के बीच शुक्रवार को साप्ताहिक बैठक हुई। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर सीबीआई की रेड के बाद पहली बार दोनों का आमना-सामना हुआ है। दिल्ली सीएम और एलजी के बीच यह यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब आम आदमी पार्टी की ओर से वीके सक्सेना पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए गए हैं।
दिल्ली में एलजी वीके सक्सेना की ओर से कथित शराब घोटाले की जांच का आदेश दिए जाने के बाद से ही ‘आप’ वीके सक्सेना पर हमलावर है। मनीष सिसोदिया पर सीबीआई की रेड के बाद से अरविंद केजरीवाल साप्ताहिक बैठक में भी नहीं पहुंच रहे थे। इस बीच, दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी ने एलजी पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए हैं और जवाब में सक्सेना ने कई नेताओं को लीगल नोटिस भेज दिए हैं।
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एलजी की ओर से भेजे गए नोटिस को प्रेस कॉन्फेंस के दौरान फाड़ते हुए उनपर खादी ग्रामोद्योग के चेयरमैन रहते हुए कर्मचारियों के वेतन में धांधली का आरोप लगाया। इस सब के बीच एलजी ने सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भेजी गई एक शिकायत को चीफ सेक्रेटरी को भेजा है, जिसमें मुख्यमंत्री पर स्टांप ड्यूटी चोरी का आरोप लगाया गया है।
