मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आ रही है। बीआर चोपड़ा के पॉपुलर टीवी शो ‘महाभारत’ में ‘शकुनि’ की भूमिका निभाने वाले अभिनेता गूफी पेंटल का निधन हो गया है। वह 78 साल के थे। एक्टर बीते कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनके सह कलाकार सुरेंद्र पाल ने निधन की पुष्टि की है। सुरेंद्र के अलावा जानी-मानी एक्ट्रेस टीना घई ने भी इस खबर की पुष्टी की है। आज शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जब एक्टर की तबीयत बिगड़ी उस समय वह फरीदाबाद के एक हॉस्पिटल में एडमिट किया गया और फिर मुंबई के अंधेरी स्थित अस्पताल में भर्ती किया गया था।
10 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे एक्टर
गुफी पेंटल लगभग 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही थी। हालांकि दो दिनों से उनकी तबीयत में सुधार देखा जा रहा था। लेकिन आज वह जिंदगी से जंग हार गए। बता दें कि एक्ट्रेस टीना घई ने सबसे पहले गूफी पेंटल की तबीयत को लेकर अपडेट दिया था। टीना घई ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर बताया था, ‘गुफी पेंटल जी तकलीफ में हैं उनकी जल्दी ठीक होने की प्रार्थना कीजिए…।’ वहीं मीडिया संस्थान से बातचीत के दौरान एक्ट्रेस ने बताया कि एक्टर और उनके परिवार वालों ने किसी से भी डिटेल्स शेयर करने से मना किया है।
