5.7 C
London
Monday, May 11, 2026
Homeराज्यकश्मीर में कत्लेआम: वे दोनों रोते-रोते चुप हो गए और बेबसी से...

कश्मीर में कत्लेआम: वे दोनों रोते-रोते चुप हो गए और बेबसी से सबकुछ देखता रहा देश

Published on

पिता को आखिरी बार चूमते बच्चे, आंखों से बहते आंसू, खामोश चेहरे, बंदूकों की निगरानी में कैंडल मार्च, खौफ और गुस्से की कहानी कहती यह जम्मू-कश्मीर की तस्वीर है। ऐसे में सवाल उठता है कि पिछले 30 साल में कश्मीर में क्या बदला? बातें हुईं, वादे हुए, अलग-अलग नरेटिव बने पर बेगुनाहों का खून बहना आज भी बंद नहीं हुआ? अपने पिता के खामोश चेहरे को निहार रही इस बेटी को देखिए, कलेजा कांप उठेगा। वह सातवीं कक्षा में पढ़ रही है। पिता ने ढेरों सपने देखे थे लेकिन आतंकियों की गोली ने सब कुछ छीन लिया। इन बच्चों का गुनाह क्या था। कश्मीरी पंडितों पर लगातार गोलियां बरस रही हैं और जवाब में निंदा होती है। कश्मीरी पंडित पूछ रहे हैं कि अपने ही देश में असहाय महसूस कर रहे समुदाय की सुरक्षा का ठोस इंतजाम अब तक क्यों नहीं किया गया?

​चीखें सुनकर कांप गई आत्मा​
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में शनिवार को आतंकियों ने पूरन कृष्ण भट की गोली मारकर हत्या कर दी। उनका परिवार शोपियां में रहता था, लेकिन महामारी की शुरुआत में उन्होंने अपनी पत्नी और पांचवीं कक्षा में पढ़ रहे बेटे और सातवीं में पढ़ रही बेटी के रहने की जम्मू में व्यवस्था कर दी थी। जम्मू में रविवार को अंतिम संस्कार के दौरान जिसने भी भट के बच्चों की चीखें सुनीं, भीतर से हिल गया। कश्मीरी पंडित लगातार कह रहे हैं कि उनकी हत्याएं रोकने के लिए ठोस कार्रवाई की जरूरत है। एक भी कश्मीरी पंडित का खून क्यों बहे? क्या कायराना हमला बताने से कश्मीरी पंडितों का डर और दुख खत्म हो जाएगा।

बच्चों को कैसे समझाएं, क्यों मारे जा रहे पंडित?
कश्मीरी पंडित पूरन कृष्ण भट के अंतिम संस्कार के समय भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। खौफ में जी रहे समुदाय ने घाटी में आतंकवादियों द्वारा चुन-चुनकर हो रही हत्याओं पर प्रदर्शन किया। भट की दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में चौधरी गुंड इलाके में उनके पैतृक घर के बाहर गोली मारी गई। पाकिस्तान के खिलाफ नारे खूब लगे पर हर चेहरे पर एक ही सवाल था- ऐसा कब तक चलेगा। हजारों लोग जमा थे। भट के दोनों बच्चे- बेटी श्रिया और बेटा शानू रोए जा रहे थे। लोगों ने परिवार को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की। लेकिन एक बार फिर वो भी मांग भी दोहराई गई जिसके लिए काफी प्रदर्शन हो चुके हैं। बड़ा सवाल है कि बच्चों को कैसे समझाया जाए कि आतंकवादी अपना दबदबा कायम करने के लिए पंडितों को टारगेट कर रहे हैं जिससे वे डरकर घाटी छोड़ दें। दूसरी तरफ सुरक्षा का दावा करने वाली सरकार उन्हें बसाना चाहती है, इसमें पिस तो कश्मीरी पंडित रहा है।

​ये दर्द की पराकाष्ठा है​
कश्मीरी पंडित हिंदू कर्मचारियों को फौरन घाटी के बाहर ट्रांसफर करने की मांग कर रहे हैं। भट का शव जैसे ही श्मशान घाट पहुंचा, रिश्तेदार फूट-फूटकर रो पड़े। श्रिया ने अपने पिता के शव को चूमा। जैसे वह अपने पिता को जी भरके देख लेना चाह रही थी। कुछ कहना चाह रही थी… जिसने भी वह दृश्य देखा आंख में आंसू आ गए। पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाला उसका भाई लगातार अपने पिता को निहारता रहा। घर के बड़े उन्हें संभाल रहे थे। जिनके पिता को हमेशा के लिए छीन लिया गया हो, उनके दुखों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घाटी न छोड़ना पंडितों की भूल थी?
भट्ट के रिश्तेदार सतीश कुमार ने कहा, ‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक और कश्मीरी पंडित आतंकवादियों की गोलियों का निशाना बन गया, जिससे सुरक्षा स्थिति में सुधार होने के सरकार के झूठे दावों की पोल खुल गई है। वह पिछले दो साल में मारे गए अल्पसंख्यक समुदाय के 18वें व्यक्ति हैं।’ उन्होंने कहा कि जहां भट की हत्या की गई, उसके पास ही पुलिस चौकी और सेना का एक शिविर है। यह दिखाता है कि घाटी में सुरक्षा की स्थिति 90 के दशक जैसी हो गई है। भट के रिश्तेदार कह रहे हैं कि आतंकवाद बढ़ने के बाद घाटी न छोड़ना उनकी सबसे बड़ी भूल थी।

Latest articles

PM मोदी बोले- पेट्रोल-डीजल का कम करें उपयोग, भारत में तेल के कुएं नहीं

आज वर्क फ्रॉम होम की जरूरत, एक साल तक सोना न खरीदें बेंगलुरु/हैदराबाद। पीएम नरेंद्र...

भेल गांधी मार्केट में 13 साल बाद हुआ चुनाव, महेंद्र नामदेव ‘मोनू’ बने नए अध्यक्ष

व्यापारी संघ चुनाव: 95 प्रतिशत से अधिक हुआ मतदान, महेंद्र ने 57 मतों के...

भोपाल-जेवर एयरपोर्ट के बीच 1 जुलाई से शुरू होगी पहली फ्लाइट, NCR कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा फायदा

भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट से जल्द ही यात्रियों को जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी...

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 : भोपाल की 80 पिछली गलियां होंगी चमकदार, गंदगी मिलने पर अफसरों पर होगी कार्रवाई

भोपाल। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर भोपाल नगर निगम ने शहरभर में बड़े स्तर...

More like this

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने विजय, 200 यूनिट फ्री बिजली का पहला ऑर्डर

चेन्नई। टीवीके चीफ सी जोसेफ विजय यानी थलापति विजय आज तमिलनाडु के सीएम पद...

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संकल्प और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से बदल रही है चिरमिरी की तस्वीर

रायपुर। चिरमिरी के एसईसीएल क्षेत्र में रहने वाले लोग पीढ़ियों से कोयले की खदानों...

मुख्यमंत्री की ‘गांव चलो’ मुहिम: जाजोद की गलियों में सुबह-सुबह पहुंचे भजनलाल शर्मा, बच्चों को बांटी चॉकलेट

राजस्थान। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'गांव चली सरकार' अभियान के तहत शुक्रवार...