पटना
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार की रात भगदड़ मच गई। इस हादसे में 18 लोगों की जान चली गई। करीब 15 लोग घायल हुए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। रेलवे ने मुआवजा देने की घोषणा की है। इस हादसे के बाद राजनीति गरमा गई है। RJD मोदी सरकार और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर हमलावर है। नीतीश कुमार का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वे एक रेल हादसे के बाद इस्तीफा दे रहे हैं।
आरजेडी नेता केंद्र सरकार पर बोल रहे हमला
आरजेडी ने केंद्र सरकार और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि यह भगदड़ डबल इंजन सरकार की लापरवाही का सबूत है। RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने रेल मंत्री से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस हादसे की जिम्मेदारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लेनी चाहिए और इस्तीफा दे देना चाहिए।
https://x.com/souravreporter2/status/1891002096276693094?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E1891002096276693094%7Ctwgr%5E980503c7cf8726a1e78e126a77874709c4ebc1d1%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fnavbharattimes.indiatimes.com%2Fstate%2Fbihar%2Fpatna%2Fnew-delhi-railway-station-stampede-nitish-kumars-26-year-old-resignation-video-goes-viral%2Farticleshow%2F118299635.cms
नीतीश कुमार का वीडियो वायरल
इस बीच, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो 1999 का है, जब गैसाल रेलवे स्टेशन के पास दो ट्रेनों की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में लगभग 290 लोगों की जान चली गई थी। तब रेल मंत्री नीतीश कुमार ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। नीतीश कुमार ने कहा था कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बाद मैं कैसे रेल मंत्री बना रह सकता हूं? मेरा मन मुझे रेल मंत्री बने रहने की इजाजत नहीं देता।
इन्होंने भी दिया था इस्तीफा
वाजपेयी सरकार में रेल मंत्री रहीं ममता बनर्जी ने भी साल 2000 में दो रेल हादसों के बाद इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था। मोदी सरकार में रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने भी साल 2017 में दो ट्रेन हादसों के बाद इस्तीफा दे दिया था। भारत के इतिहास में सबसे पहले नवंबर 1956 में तत्कालीन रेल मंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने तमिलनाडु में हुए एक रेल हादसे के बाद नैतिक आधार पर इस्तीफा दे दिया था।
