3.3 C
London
Wednesday, January 14, 2026
Homeराज्यकुणाल कामरा से पुलिस ने की पूछताछ, बोले- कानून का पालन करूंगा...

कुणाल कामरा से पुलिस ने की पूछताछ, बोले- कानून का पालन करूंगा लेकिन माफी नहीं मांगूंगा!

Published on

मुंबई,

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर बनाए गए व्यंग्यात्मक वीडियो को लेकर कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ MIDC पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के सिलसिले में मुंबई पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को उनसे फोन पर संपर्क किया. कुणाल कामरा ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे, लेकिन फिलहाल मुंबई में मौजूद नहीं हैं. पुलिस अधिकारियों ने अब तक उन्हें पेशी के लिए कोई तारीख नहीं दी है.

सूत्रों के अनुसार, कामरा ने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस मामले में माफी नहीं मांगेंगे, लेकिन कानूनी प्रक्रिया और अदालत के निर्देशों का पालन करेंगे. बता दें कि स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने अपने वीडियो में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर तंज कसा था. वीडियो वायरल होने के बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और विरोध स्वरूप मुंबई के स्टूटियो में तोड़फोड़ की, जहां कामरा का शो रिकॉर्ड किया गया था. इस घटना के बाद कामरा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.

FIR और गिरफ्तारी
मुंबई पुलिस ने कामरा के खिलाफ एकनाथ शिंदे पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मानहानि का मामला दर्ज किया है. साथ ही, खार इलाके में स्थित हैबिटेट स्टूडियो में तोड़फोड़ करने वाले 40 शिवसेना कार्यकर्ताओं पर भी केस दर्ज किया गया है. रविवार रात बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने होटल के बाहर प्रदर्शन किया और वहां जमकर तोड़फोड़ की. इसके बाद 12 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था, जिन्हें 15 हजार के निजी मुचलके पर जमानत भी मिल गई है. वहीं महाराष्ट्र सरकार ने कामरा के बैंक खाते और कॉल डिटेल्स की जांच कराने की बात कही है.

राजनीतिक बयानबाजी तेज
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कुणाल कामरा से शिंदे के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए माफी मांगने को कहा है. वहीं, शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने धमकी देते हुए कहा कि यदि कामरा दो दिनों के भीतर माफी नहीं मांगते, तो उन्हें सड़कों पर घूमने नहीं दिया जाएगा. शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के ने भी चेतावनी दी कि कामरा को महाराष्ट्र में खुलकर घूमने नहीं दिया जाएगा और उन्हें देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया जाएगा.BJP विधायक राम कदम ने कहा कि कामरा किसी के इशारे पर शिंदे को निशाना बना रहे हैं. उन्होंने धमकी दी कि जहां भी कामरा मिलेंगे, उनका चेहरा काला कर दिया जाएगा.

शिवसेना (UBT) और विपक्ष का पलटवार
शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने शिंदे गुट पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में अपने एक पॉडकास्ट में कहा था कि लोकतंत्र में आलोचना आवश्यक है, लेकिन उनके सहयोगी इसका पालन नहीं कर रहे हैं. उद्धव ठाकरे ने भी कामरा का समर्थन करते हुए कहा, “कामरा ने कुछ भी गलत नहीं किया है. उन्होंने केवल अपने विचार रखे हैं और जनता की आवाज उठाई है.”

AAP की मुंबई अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने भी कामरा के समर्थन में ट्वीट किया, “हम कुणाल कामरा का पूरा समर्थन करते हैं. देवेंद्र फडणवीस, आप गृह मंत्री के रूप में पूरी तरह विफल हो चुके हैं.” कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने इस मामले को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जहां एक साधारण गैर-संज्ञेय अपराध भी नहीं बनता, वहां एफआईआर दर्ज कर दी गई है. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि सरकार को एक सूची जारी करनी चाहिए जिसमें बताया जाए कि किन शब्दों का इस्तेमाल सरकार की आलोचना के लिए किया जा सकता है.

हैबिटेट स्टूडियो बंद
इस पूरे विवाद के बाद मुंबई के प्रसिद्ध परफॉर्मेंस और इवेंट वेन्यू हैबिटेट स्टूडियो ने अस्थायी रूप से अपना संचालन बंद करने की घोषणा कर दी है. स्टूडियो ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा, “हम हाल ही में हुई तोड़फोड़ से बेहद आहत और चिंतित हैं. कलाकार अपनी राय के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन हर बार हमें निशाना बनाया जाता है, मानो हम कलाकारों के लिए एक प्रॉक्सी बन गए हैं.”

स्टूडियो ने आगे कहा कि जब तक वे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अपनी सुरक्षा के बीच संतुलन नहीं बना लेते, तब तक वे बंद रहेंगे. हैबिटेट स्टूडियो वही जगह है जहां पिछले महीने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो रिकॉर्ड किया गया था, जिससे भी बड़ा विवाद खड़ा हुआ था.

Latest articles

श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल, कोलार रोड में मकर संक्रांति, पोंगल व लोहड़ी धूमधाम से मनाई गई

भोपाल |श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल, कोलार रोड ब्रांच में मकर संक्रांति, पोंगल एवं लोहड़ी...

मकर संक्रांति पर दादाजी धाम में होंगे धार्मिक व जनसेवा कार्यक्रम

भोपाल ।रायसेन रोड स्थित जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, पटेल नगर,...

भोपाल में शुरू हुई जल सुनवाई, सभी 85 वार्डों में सुनी गईं शिकायतें

भोपाल ।भोपाल में मंगलवार को पहली बार शहर के सभी 85 वार्डों में ‘जल...

सीआरपीएफ हेड कॉन्स्टेबल की मौत पर परिजनों को 1.45 करोड़ का मुआवजा

भोपाल ।भोपाल में सीआरपीएफ के हेड कॉन्स्टेबल शिवप्रसाद भिलाला की सड़क दुर्घटना में हुई...

More like this

परीक्षाएं होंगी पारदर्शिता 1 लाख भर्तियों का कैलेंडर जारी : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर  ।मुख्यमंत्री  भजनलाल शर्मा ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से वादा...

युवा देश का भविष्य और राजस्थान का गौरव: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर ।मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और...

दूषित पेयजल से 21 मौतों के विरोध में इंदौर में कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’, उमड़ा जनसैलाब

इंदौर।भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल के कारण 21 निर्दोष नागरिकों की मौत और हजारों...