नई दिल्ली
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है. उन्होंने कहा कि उनकी मां और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी ने पूछताछ की है. उन्होंने मेरे खिलाफ 55 घंटे पूछताछ की, लेकिन 55 घंटे तो क्या 5 साल तक भी पूछताछ करेंगे तो भी मैं नहीं डरूंगा. राहुल गांधी के साथ राज्यसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी महंगाई पर केंद्र को जमकर घेरा. वहीं लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि कांग्रेस में आना और जाना मुश्किल है, लेकिन यहां टिक पाना बहुत कठिन है. इस रैली को सचिन पायलट, अशोक गहलोत, कमलनाथ, आराधना मिश्रा, कुमारी शैलजा जैसे बड़े नेताओं ने भी संबोधित किया. इस रैली से पहले अधीर रंजन चौधरी के समर्थकों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर रामलीला मैदान छोड़ दिया. अधीर रंजन बंगा भवन से कांग्रेस मुख्यालय तक मार्च निकाल रहे थे.
जनता को सच्चाई बताने के लिए भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत
राहुल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता ही देश को बचा सकता है. कांग्रेस की विचारधारा देश को प्रगित के पथ पर ला सकती है. हमारे लिए सरकार ने रास्ते बंद कर दिए हैं. संसद का रास्ता बंद कर दिया. संसद में विपक्ष का माइक बंद कर दिया जाता है, हमें बोलने नहीं दिया जाता. चुनाव आयोग, न्यायपालिका पर दबाव बना हुआ है. इसीलिए जनता के बीच में जाकर, जनता को देश की सच्चाई बतानी है. इसीलिए कांग्रेस पार्टी भारत जोड़ो यात्रा शुरू कर रही है.
हमने 27 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला था
हमने यूपीए सरकार में 27 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला. भोजन का अधिकार, नरेगा, कर्जा माफी की योजनाओं के जरिए ऐसा किया. लेकिन अब मोदी सरकार ने वापस 23 करोड़ लोगों को वापस गरीबी में डाल दिया. जो काम हमने 10 साल में किया, उन्होंने 8 साल में खत्म कर दिया.
मैं ईडी से नहीं डरता, 55 घंटे या 5 साल पूछताछ कर ले
राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है. मुझसे 55 घंटे ईडी ने पूछताछ की, मैं आपकी ईडी से नहीं डरता हूं. आप मुझसे 55 घंटे या फिर 5 साल तक पूछताछ करते रहो, नहीं फर्क पड़ेगा.
70 साल में कांग्रेस ने ऐसी महंगाई कभी नहीं दिखाई
राहुल गांधी ने कृषि कानूनों के लिए कहा कि ये तीनों कानून उद्योगपतियों के लिए लाए गए थे. किसानों की ताकत ने इन कानूनों को वापस लेने पर मजबूर कर दिया. हिंदुस्तान में आम नागरिक मुश्किल में हैं. जीएसटी ने छोटे कारोबारियों को खत्म कर दिया और रोजगार इन्हीं से मिलता है. आप पूछते हैं कांग्रेस ने क्या किया. मैं बताता हूं कि 70 साल में कांग्रेस ने ऐसी महंगाई कभी नहीं दिखाई.
मोेदी सरकार में केवल 2 उद्योपतियों को फायदा हुआ
मोदी सरकार में केवल दो उद्योपति उठा रहे हैं. आपके डर और नफरत का फायदा इन्हीं के हाथों में जा रहा है. बीते 8 साल में किसी और को कोई फायदा नहीं हुआ. तेल, एयरपोर्ट, मोबाइल का पूरा सेक्टर इन्हीं दोनों उद्योगपतियों को दिया जा रहा है.
जिसको डर होता है, उसके अंदर नफरत पैदा होती है
जिसको डर होता है, उसके अंदर नफरत पैदा होती है. हिंदुस्तान में नफरत बढ़ रही है. हिंदुस्तान में डर बढ़ता जा रहा है. महंगाई, बेरोजगारी और भविष्य का डर बढ़ता जा रहा है. बीजेपी और आरएसएस के नेता देश को बांटते हैं और जानबूझकर देश में भय पैदा करते हैं. लोगों को डराते हैं और नफरत पैदा करते हैं.
देश में संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं: गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश में संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं. नरेंद्र मोदी ने 2014 में चुनाव प्रचार करते थे काला धन लेकर आऊंगा, महंगाई खत्म करूंगा, 2 करोड़ रोजगार दूंगा लेकिन अब क्या ही कहा जाए. इसके साथ ही गहलोत ने अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल के आंदोलन को यूपीए सरकार के खिलाफ षड़यंत्र बताया. गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार अच्छा काम कर रही थी. हमने रोजगार के लिए कानून दिया था. खाद्य सुरक्षा अधिनियम का कानून और आरटीआई दिया. इसके अलावा उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश में आंकड़े रोके गए. NSSO ने आंकड़े निकालने का प्रयास किया तो केंद्र सरकार ने उसे रोक दिए. इसके बाद चेयरमैन को इस्तीफा देना पड़ा और सरकार आने के बाद आंकड़े जारी किया. ये फासीवादी लोग हैं, धर्म के नाम पर राजनीति कर रहे हैं. ईडी, सीबीआई और आईटी का दुरुपयोग कर रहे हैं. देश में इन लोगों ने आतंक मचा रखा है.
