नई दिल्ली
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान आज राहुल गांधी ने जाति जनगणना का मुद्दा मजबूती से उठाया। उन्होंने तेलंगाना के जाति जनगणना का उदाहरण देते हुए कहा कि इसके जरिए ही समाज के पिछड़े तबके उसका हक मिलेगा। इसी दौरान उन्होंने सत्ता पक्ष के सांसदों के लिए कुछ ऐसा बोला कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भड़क गए।
दरअसल, राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी के पास ओबीसी सांसद हैं, दलित सांसद हैं और आदिवासी सांसद हैं लेकिन वो कुछ बोल नहीं सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे मालूम है कि वहां बैठे हैं और आप मुंह नहीं खोल सकते हैं। इतना बोलते ही सत्ता पक्ष के सांसद भड़क गए। रिजिजू ने कहा कि आप ओबीसी ओबीसी करते हैं क्या आपको पीएम नहीं दिखाई देते हैं?
अंधे हो क्या?
भड़के रिजिजू ने कहा कि पीएम का चेहरा आपको दिखाई नहीं देता है क्या? अंधे हो गए हैं। ये दिखता नहीं है। उधर बीजेपी सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने पीएम मोदी की तरफ इशारा करते हुए उन्हें दिखाने लगे। इस दौरान संसद भवन का कैमरा पीएम मोदी की तरफ केन्द्रित हो गया। वो चुपचाप बिना कुछ बोले राहुल गांधी को सुन रहे थे।
बजट के हलवा का भी कर दिया जिक्र
अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने बजट को लेकर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि इस बार तो बजट में हलवा बांटने वाली फोटो भी गायब कर दी। राहुल गांधी ने कहा कि मैं तो इस बार हैरान हो गया कि उस फोटो को ही हटा दिया गया। राहुल ने तंज कसते हुए कहा कि हलवा तो खिलाया मगर दिखाया नहीं किसको खिलाया।
