पेरिस ,
विनेश फोगाट पहले डिस्क्वालिफाई (अयोग्य) की गईं, अब उनके बेहोश होने की खबर सामने आई है. विनेश फोगाट को पेरिस के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. जानकारी के मुताबिक उनको IV फ्लूइड देने की सिफारिश की गई है. विनेश डिहाइड्रेशन के कारण अस्पताल में भर्ती की गई थीं. जो अपडेट सामने आया है, उसके मुताबिक विनेश अभी ओलंपिक गांव के पॉलीक्लिनिक में हैं. वह ठीक और स्थिर हैं. अब आराम कर रही हैं. भारतीय दल के पास इस फैसले के खिलाफ अपील करने का कोई विकल्प नहीं है.
विनेश के अचानक डिस्क्वालिफाई (अयोग्य) होने के बाद पूरे भारत में गम और रोष का माहौल है. पेरिस ओलंपिक में विनेश के डिस्क्वालिफाई (अयोग्य) होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पोस्ट लिखा. वह 50 किलोग्राम रेसलिंग के फाइनल में पहुंची थी. उनका वजन इवेंट के दूसरे दिन 50 किलोग्राम वर्ग में अधिक वजन पाया गया है.
विनेश के मेडल से चूक जाने के बाद पीएम मोदी ने भी दुख जताया और उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा- विनेश, आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं. आज की असफलता दुख देती है. काश मैं शब्दों में उस निराशा को व्यक्त कर पाता जो मैं अनुभव कर रहा हूं. साथ ही, मैं जानता हूं कि आप लचीलेपन की प्रतिमूर्ति हैं. चुनौतियों का सामना करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है. और मजबूत होकर वापस आओ! हम सब आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं.
IOA ने दिया विनेश के बाहर होने पर रिएक्शन
विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित जाने के बाद बताया गया कि उनका वजन 50 किलो से मेल नहीं खा रहा था. भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने कहा यह खेदजनक है कि भारतीय दल महिला कुश्ती 50 किग्रा वर्ग से विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने की खबर साझा करता है. रात भर टीम द्वारा किए गए बेहतरीन प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किग्रा से कुछ ग्राम अधिक था. इस समय दल द्वारा कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी. भारतीय दल आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है.
तो आज गोल्ड मेडल जीत लेती विनेश फोगाट….
भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट के फाइनल में पहुंचने के बाद यह माना जा रहा था कि वह गोल्ड मेडल जीत लेंगी. विनेश फोगाट ने मंगलवार को महिला 50 किग्रा फ्रीस्टाइल इवेंट के सेमीफाइनल में क्यूबा की रेसलर युसनेइलिस गुजमैन (Yusneylys Guzman) को 5-0 से करारी शिकस्त दी थी. विनेश का फाइनल बुधवार (7 अगस्त) को यूएसए की एन सारा हिल्डेब्रांट से होना था.
