नई दिल्ली,
शाहरुख की फिल्म ‘पठान’ आई और आते ही छा गई. किंग खान के फैन्स फिल्म को काफी पसंद कर रहे हैं. देश के ज्यादातर शहरों में पठान का जलवा लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. इसका सबूत बॉक्स ऑफिस कलेक्शन है. हिंदू संगठनों के विरोध और सोशल मीडिया पर बॉयकॉट ट्रेंड के बावजूद दो दिनों में पठान की कमाई ने बॉलीवुड के सारे रिकॉर्ड तोड दिए हैं. दो दिनों में पठान ने 100 करोड का आंकड़ा पार कर लिया है.
इस सबके बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का भी बयान आया है. जिसमें उन्होंने पिछले कुछ समय से चल रहे बॉयकॉट ट्रेंड पर भी अपने विचार रखे. अनुराग ठाकुर ने फिल्मों के बॉयकॉट ट्रेंड के सवाल पर कहा कि हमारी फिल्में आज दुनिया में अपना नाम बना रही हैं. तब इस(बॉयकॉट) प्रकार की बातें आने से वातावरण पर प्रभाव पड़ता है. वातावरण खराब करने के लिए कई बार पूरी जानकारी के बिना भी लोग कमेंट करते हैं तो उसका भी नुकसान होता है, ये नहीं होना चाहिए.
उन्होंने आगे कहा कि भारत सरकार ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन बना रखा है कि कोई भी फिल्म थिएटर में जाएगी तो वो वहां से पास होकर ही जाएगी. वे सभी पहलुओं पर नजर रखते हैं. वहां से अनुमति के बाद वे थिएटर में आती है.
दो दिनों में पठान की जबरदस्त कमाई
शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम की मूवी ने पहले दिन वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए 106 करोड़ की ग्रॉस कमाई की थी. हिंदी सिनेमा के इतिहास में ये सबसे बड़ी ओपनिंग साबित हुई है. पोस्ट पैनडेमिक जहां कई फिल्मों का लाइफलाइटम कलेक्शन 50 करोड़ भी मुश्किल से पहुंचा. वहीं पठान ने पहले दिन ही ताबड़तोड़ कमाई कर इतिहास रच दिया है. दूसरे दिन भी पठान का जादू बरकरार रहा. रिपब्लिक डे की छुट्टी का फायदा लेते हुए पठान के हिंदी वर्जन ने भारत में 70 करोड़ कमाए. पहले दिन पठान ने 54 करोड़ कमाए थे.
कोटा में सीट नहीं मिलने पर हुआ बवाल
राजस्थान के एक मूवी हॉल में सीट नहीं मिलने पर दर्शकों ने जमकर बवाल किया. राजस्थान के कोटा में पठान फिल्म को लेकर लोगों ने नटराज सिनेमा में बवाल काटा. सीटिंग से ज्यादा टिकट बेच देने की वजह से लोगों को हॉल के अंदर जगह नहीं मिली, जिसके बाद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. लोगों को हंगामा करता देख सिनेमा हॉल और कैंटीन के कर्मचारी भाग गए. जिसके बाद लोगों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी. हॉल के बाहर जहां लोग अपना गुस्सा उतार रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ कैंटीन में लूटपाट जैसा नजारा दिखा. लोगों का आरोप है कि सिनेमा संचालक ने सीट से ज्यादा टिकटें बेच दी, जिससे लोगों को अंदर जगह नहीं मिली. बवाल होने के बाद सिनेमा संचालक ने कई दर्शकों का पैसा वापस कर दिया.
