4.6 C
London
Monday, March 23, 2026
Homeराजनीतिजिस शॉट पर गुजरात में हिट विकेट हो गई कांग्रेस, वही अब...

जिस शॉट पर गुजरात में हिट विकेट हो गई कांग्रेस, वही अब BJP क्यों खेल रही?

Published on

नई दिल्ली,

सोशल साइट एक्स (पहले ट्विटर) पर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच पोस्टर वॉर छिड़ा हुआ है. कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे बड़ा झूठा और जुमला बॉय बताते हुए पोस्टर जारी किए तो अब बीजेपी ने भी जवाबी हमला बोल दिया है. बीजेपी ने एक पोस्टर जारी किया है जिस पर राहुल गांधी की तस्वीर लगी है और लिखा है- रावण. बीजेपी के इस पोस्टर के जवाब में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मोदानव बता दिया है.

बीजेपी के पोस्टर को लेकर प्रियंका गांधी ने भी एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. प्रियंका गांधी ने अपने एक्स पोस्ट में पीएम मोदी और जेपी नड्डा को मेंशन करते हुए लिखा है कि आप राजनीति और बहस को गिरावट की किस मंजिल तक ले जाना चाहते हैं. उन्होंने ये सवाल भी किया है कि बीजेपी के आधिकारिक हैंडल से जो हिंसक और उकसाऊ ट्वीट किए जा रहे हैं उसमें क्या आपकी सहमति है? प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को शुचिता की कसम याद दिलाते हुए कहा कि क्या वादों की तरह कसमें भी भूल गए हैं?

प्रियंका गांधी के एक्स पोस्ट को इस बात का संकेत माना जा रहा है कि आगामी चुनावों में कांग्रेस इसे मुद्दा बनाएगी. ठीक उसी तरह, जिस तरह गुजरात के चुनाव में बीजेपी ने किया था. दरअसल, पिछले साल यानी 2022 में गुजरात विधानसभा के चुनाव थे. गुजरात चुनाव में पहले चरण के चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें झूठों का सरदार बताया था.

खड़गे ने कहा था, ‘पार्षद चुनाव में भी तुम्हारी सूरत, विधानसभा चुनाव में भी तुम्हारी सूरत, लोकसभा चुनाव में भी तुम्हारी सूरत देखें. हर जगह आपका ही चेहरा देखें. कितने चेहरे हैं आपके? क्या आपके रावण की तरह सौ मुख हैं क्या?’ कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान को बीजेपी ने चुनाव में मुद्दा बना लिया. चुनाव नतीजे आए तो कांग्रेस को 2017 चुनाव की तुलना में बड़ा नुकसान उठाना पड़ा और पार्टी 27.7 फीसदी वोट शेयर के साथ महज 17 सीटों पर सिमट गई.

बीजेपी को 53.3 फीसदी वोट शेयर के साथ 156 सीटों पर जीत मिली. कांग्रेस को 2017 में 42.2 फीसदी वोट शेयर के साथ 77 सीटें मिली थीं. नतीजे आए तो बीजेपी को प्रचंड जनादेश मिला और कांग्रेस की करारी शिकस्त हुई. गुजरात में कांग्रेस की करारी शिकस्त के लिए खड़गे के बयान को भी प्रमुख वजह बताया गया. सवाल उठ रहे हैं कि गुजरात चुनाव में जिस रावण के मुद्दे पर कांग्रेस हिट विकेट हो गई थी, अब पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी राहुल गांधी पर वही शॉट क्यों खेल रही है?

कहा जाता है कि बीजेपी जैसी पार्टी सियासी नफा-नुकसान का आकलन किए बगैर कोई दांव नहीं चलती. फिर इस दांव में पार्टी को क्या लाभ? कहा जा रहा है कि बीजेपी ने अगर राहुल गांधी की तुलना रावण से करने का दांव चला है तो इसके भी अपने सियासी निहितार्थ हैं. बीजेपी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरती रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए भ्रष्टाचार की तुलना राक्षस से की थी.

अब बीजेपी ने राहुल गांधी की तुलना रावण से कर दी है. ऐसे में बीजेपी का ये दांव पांच राज्यों के चुनाव में किसे जीत की मंजिल तक पहुंचाएगा और किसे हार की दहलीज तक, इसे लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है. इसका कितना असर होता है और कांग्रेस कितना कैश करा पाती है? ये तो समय बताएगा लेकिन बीजेपी ने कांग्रेस के एक और चुनावी दांव का कांग्रेस की सरकार वाले राज्य में ही इस्तेमाल कर दिया है.

छत्तीसगढ़ चुनाव में बीजेपी ने भूपेश बघेल सरकार को घेरने के लिए क्यूआर कोड जारी करने के साथ ही ‘भू-पे’ नाम से एक ऐप लॉन्च किया है. बीजेपी की ओर से जारी किए गए क्यूआर कोड को स्कैन करने पर भ्रष्टाचार के मामलों की सूची नजर आएगी जिसके आरोप बीजेपी बघेल सरकार पर लगा रही है. भू-पे ऐप में भी यही जानकारियां हैं जिसे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने लॉन्च किया. कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव में क्यूआर कोड का दांव चला था जो सफल भी रहा था.

बीजेपी ने पांच राज्यों के चुनाव से पहले कांग्रेस के दो दांव चल दिए हैं. एक वह जो कांग्रेस के लिए गुजरात में आत्मघाती साबित हुआ था और दूसरा वह जिससे देश की सबसे पुरानी पार्टी ने बीजेपी का दक्षिण का दुर्ग भेद दिया था. बीजेपी के लिए ये दांव फायदे का सौदा साबित होते हैं या घाटे का? ये देखने वाली बात होगी.

Latest articles

बीएचईएल की बड़ी उपलब्धि: 100वें पावर ट्रांसफॉर्मर का सफल निर्माण, ईडी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

भोपाल भेल भोपाल के परिणामित्र (ट्रांसफॉर्मर) विनिर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सफलता का...

आकृति रिट्रीट में विकास कार्यों का शिलान्यास: राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने किया 31.50 लाख के कार्यों का भूमि पूजन

भोपाल राजधानी के बावड़ियाँ कलाँ स्थित आकृति रिट्रीट कॉलोनी में विकास की नई इबारत लिखते...

नगर निगम पेड़ों की कटाई पर सख्ती की तैयारी, जुर्माना और शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव

भोपाल राजधानी की हरियाली को बचाने और अवैध कटाई पर अंकुश लगाने के लिए नगर...

दादाजी धाम में माँ कूष्मांडा का विधि-विधान से पूजन, गुरु गीता और हनुमान चालीसा के पाठ से गूंजा मंदिर

भोपाल रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के प्रतिष्ठित तीर्थ स्थल 'दादाजी धाम मंदिर' में चैत्र...

More like this

असम में भाजपा की ताकत का प्रदर्शन, भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने भरी हुंकार

विधानसभा चुनाव में पार्टी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी नव संवत्सर और राजस्थान दिवस की शुभकामनाएं; प्रदेशभर में उत्साह का माहौल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को नव संवत्सर, चैत्र नवरात्र स्थापना (19 मार्च) और...

नई दिल्ली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से की मुलाकात, शिक्षा सुधारों पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान...