राजगढ़:
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक सांप को डिब्बे में बंद करके अस्पताल ले गया और डॉक्टरों का बताया कि इसी सांप में मुझे काटा है। दरअसल मामला जिले के ब्यावरा तहसील के सिविल अस्पताल का है। यहां एक मरीज जिंदा सांप को डब्बे में बंद कर डॉक्टर के पास पहुंच गया। जिसे देखते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सांप को डिब्बे में बंद देख आस-पास मौजूद स्टॉफ और अन्य मरीजों भी डर गए। हालांकि डॉक्टरों के समझाने के बाद मरीज ने सांप के डिब्बे को दूर किया।
ब्यावरा शहर के राजगढ़ बायपास निवासी राकेश ने बताया कि वो सांप पकड़ने का काम करता है। बुधवार शाम को उसे अपना नगर क्षेत्र में सांप घूमने की सूचना मिली थी। इसके बाद वो अपना नगर पहुंचा तो वहां नाली में सांप था। उसने जैसे ही सांप को पकड़ा तो उसे सांप ने डस लिया। सांप के काटने के बाद भी वह सांप का रेस्क्यू कर उसे पकड़कर डिब्बे में बंद किया।
सांप को लेकर पहुंचा अस्पताल
इसके राकेश सांप को प्लास्टिक के डिब्बें में बंद कर सिविल अस्पताल पहुंचा। वहां मौजूद डॉक्टर प्रवीण गौतम से बोला की इसी सांप ने मुझे काटा है। जिस कारण से मेरी तबीयत बिगड़ रही है। इसके बाद डॉक्टर ने तत्काल मरीज का उपचार शुरू करवाया। फिलहाल युवक अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। मरीज की हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने कहा कि यह अपने आप में अनोखा मामला है कि युवक को सर्प ने काट लिया उसके बाद उसने सर्प को पकड़कर डिब्बे में पैक कर दिया।
नदी के समीप छुड़वाया गया सांप
सिविल अस्पताल के डॉ प्रवीण गौतम ने बताया कि मरीज बुधवार शाम को एक डब्बे में सांप लेकर पहुंचा था और उसने बोला कि इसी सांप ने मुझे काटा है। इसके बाद मरीज का ब्यावरा सिविल अस्पताल में इलाज किया गया। वहीं सांप को अजनार नदी समीप जंगल में छुड़वाया गया है।