नई दिल्ली
होली के बाद दिल्ली का मौसम एक बार फिर बदल गया है। शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले 2-4 घंटों में दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश की आशंका जताई है। इसी के साथ बिजली चमकने और आंधी के भी आसार हैं। हालांकि इससे पहले शुक्रवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। राजधानी का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस था।
आगे कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 15 और 16 मार्च को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक था। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, 16 मार्च को मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है।
राजधानी दिल्ली में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। सुबह हल्की धूप निकली थी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ बादल छा गए। शाम होते-होते कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। नोएडा और गुरुग्राम समेत कई अन्य जगहों पर भी हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। लेकिन शाम की बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई, जिससे मौसम ठंडा और सुहावना हो गया। अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बदलाव के कारण तापमान में गिरावट जारी रह सकती है।