नई दिल्ली
अमेरिका ने रूस पर बड़ा बयान दिया है। उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने शनिवार को कहा कि जो बाइडेन प्रशासन ने औपचारिक रूप से निष्कर्ष निकाला है कि रूस ने यूक्रेन पर आक्रमण के दौरान मानवता के खिलाफ अपराध किए हैं। कमला हैरिस ने कहा, “यूक्रेन में रूस की कार्यवाही के मामले में सबूतों की जांच की है। हम कानूनी मानकों को जानते हैं और इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह मानवता के खिलाफ अपराध है।”
अमेरिकी विदेश विभाग के नेतृत्व में कानूनी विश्लेषण खत्म होने के बाद कहा गया कि चल रहे युद्ध के कोई तात्कालिक परिणाम नहीं आएंगे। आधिकारिक बयान में कहा गया, “हम उन सभी से कहना चाहते हैं जिन्होंने इन अपराधों को अंजाम दिया है और उनके वरिष्ठ अधिकारी जो इन अपराधों में शामिल है, आप सबको जवाब देह ठहराया जाएगा।”
अमेरिका को उम्मीद है कि वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अलग-थलग कर सकता है और अंतरराष्ट्रीय अदालत और प्रतिबंधों के माध्यम से उनके सरकार के सदस्यों को जवाबदेह ठहरा सकता है। अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का भाषण ऐसे समय में आया है जब वरिष्ठ पश्चिमी नेता म्यूनिख में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप के सबसे खराब संघर्ष का आकलन करने के लिए इकट्ठा हुए थे।
पिछले साल फरवरी में शुरू हुए रूस यूक्रेन युद्ध में हजारों लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लाखों लोग बेघर हो चुके हैं। युद्ध के कारण ग्लोबल इकोनामी भी बर्बाद हुई है। इसके अलावा पश्चिमी देशों ने रूस से किनारा कर लिया है। पश्चिमी देश लगातार रूस पर प्रतिबंध लगा रहे हैं और इससे रूस की अर्थव्यवस्था को भी नुकसान हो रहा है।
अमेरिका ने पहले ही निष्कर्ष निकाला था कि रूसी सेना युद्ध अपराधों के लिए दोषी है। अमेरिका का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय कानून में इसे अधिक गंभीर अपराध के रूप में देखा जाता है। यूक्रेन पर संयुक्त राष्ट्र समर्थित जांच आयोग ने अभी तक यह निष्कर्ष नहीं निकाला है कि युद्ध अपराध मानवता के खिलाफ है।
