नई दिल्ली,
पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास के कर्मचारियों पर अटैक को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट के बाद अमेरिकी सरकार के कर्मचारियों को संभावित हमले के कारण इस्लामाबाद के मैरियट होटल में जाने से रोक दिया गया. अमेरिकी दूतावास द्वारा जारी एक सुरक्षा अलर्ट में कहा गया है कि संभवतः छुट्टियों के दौरान इस्लामाबाद के मैरियट होटल में अमेरिकियों पर हमला करने की साजिश रच रहे हैं.
अमेरिकी दूतावास के स्टाफ को अलर्ट जारी करते हुए अमेरिका सरकार ने कहा कि ऐसी जानकारी मिली है कि अज्ञात व्यक्ति संभवतः छुट्टियों के दौरान इस्लामाबाद के मैरियट होटल में अमेरिकियों पर हमला करने की योजना बना रहे हैं. इसलिए इस्लामाबाद स्थित दूतावास तत्काल प्रभाव से सभी अमेरिकी कर्मचारियों को इस्लामाबाद के मैरियट होटल में जाने से रोक रहा है.
सार्वजनिक समारोहों में शामिल होने पर रोक
इसके अलावा अमेरिकी दूतावास स्टाफ को सार्वजनिक समारोहों में शामिल होने पर प्रतिबंध लगाया गया है. अमेरिका ने दूतावास के स्टाफ की सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है. दूतावास ने स्टाफ से अपील की है कि वो छुट्टियों में इस्लामाबाद में गैर जरूरी और अनौपचारिक यात्राओं से बचें.
भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की अपील
यूएस एंबेसी ने अपने कर्मचारियों से कहा कि इवेंट्स, पूजा स्थलों पर सतर्कता बरतें और बड़ी भीड़ वाली जगहों से बचें. अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करें. पहचान पत्र साथ रखें और कानून प्रवर्तन से अनुरोधों का पालन करें. अपने आसपास को लेकर जागरूक रहें. अपडेट के लिए स्थानीय मीडिया की निगरानी करें. इसके साथ ही यूएस एंबेसी की ओर से असिस्टेंस के लिए मोबाइल नंबर भी जारी कर दिए गए हैं. इस्लामाबाद, लाहौर, कराची, पेशावर सभी जगहों के लिए नंबर जारी किए गए हैं.
