नई दिल्ली
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने निगम चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोग की ओर से गुरुवार को जारी आदेश में निगम के सहायक आयुक्त और शिक्षा विभाग के उप-निदेशक सहित अन्य अधिकारियों को नोडल अफसर बनाते हुए चुनावी प्रक्रिया संबंधी तमाम कार्य को अपडेट कर उनकी समीक्षा करने के लिए कहा है। आदेश के बाद से राजनीतिक गलियारों में सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
आदेश में कहा गया है कि वर्ष 2022-23 के लिए होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव पहले से लंबित चल रहा है। राज्य चुनाव आयोग ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर मुस्तैदी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसे लेकर आयोग की तरफ से तीन अधिकारी कुलदीप सिंह, पंकज चमोली और उदित बी.बडौनी को नामित किया गया है।
वहीं, निगम के सभी 12 जोन के सहायक आयुक्त को चुनाव के मद्देनजर अपने-अपने जोन का नोडल अधिकारी बनाया गया है। साथ ही कहा गया कि निगम के सभी जोन के शिक्षा विभाग के उप-निदेशक को सब-नोडल अधिकारी और सहायक उप-निदेशक को सब नोडल अधिकारी (मैन पावर) का कार्य देखने की जिम्मेदारी दी है।
जानकारियां जुटाकर रिपोर्ट सौंपने का आदेश
निगम के सभी अधिकारी अपने-अपने जोन के पोलिंग स्टेशन का विवरण, काउटिंग सेंटर, सेक्टर अफसर सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी तमाम जानकारी एकत्रित कर उसकी समीक्षा कर रिपोर्ट उक्त अधिकारियों को पेश करेंगे। आदेश के आने के बाद राजनैतिक गलियारों में सरगर्मियां तेज हो गई हैं और तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
भाजपा की ओर से 16 अक्तूबर को रामलीला मैदान में होने जा रहे पंच परमेश्वर सम्मेलन को चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। यह बात अलग है कि डिलीमिटेशन कमेटी की ओर से अबतक अंतिम ड्राफ्ट जारी नहीं किया गया है। अब देखना यह है कि चुनाव कब तक होंगे।
