18.3 C
London
Sunday, May 3, 2026
Homeराष्ट्रीयदेवता स्वर्ग में भी नाम लेते हैं...भारत vs इंडिया पर जब संविधान...

देवता स्वर्ग में भी नाम लेते हैं…भारत vs इंडिया पर जब संविधान बनाते छिड़ी डिबेट, जानें पहले मसौदे में क्या था​

Published on

नई दिल्ली

जैसे कुछ दिनों से देश में भारत vs इंडिया विवाद गरमाया है वैसा ही कुछ हाल आजादी के बाद भी था। दरअसल 4 नवंबर 1948 को प्रारूप समिति के अध्यक्ष बीआर आंबेडकर ने भारत के संविधान का जो पहला मसौदा पेश किया था उसमें ‘भारत’ नाम नहीं था। कुछ सदस्यों ने मूल नाम को छोड़ने पर ऐतराज जताया था। इस पर बहस छिड़ गई। लगभग एक साल बाद जब टेक्स्ट को अंतिम रूप देने का काम पूरा हो रहा था तब जाकर आम सहमति बनी। 18 सितंबर, 1949 को आंबेडकर ने आर्टिकल-1 का मसौदा तैयार करने के लिए निम्नलिखित संशोधन पेश किया, जिसमें देश के नाम का उल्लेख कुछ इस तरह से किया गया हैः ‘इंडिया, यानी भारत राज्यों का संघ होगा। लेकिन सभा के सदस्य एचवी कामत ने कहा था कि यह एक बेढंग रचना है। उन्होंने दो विकल्प सुझाए: ‘भारत या अंग्रेजी भाषा में, India राज्यों का संघ होगा’ या ‘हिंद या, अंग्रेजी भाषा में इंडिया, राज्यों का संघ होगा’। कामत ने आयरलैंड का उदाहरण दिया था: ‘स्टेट का नाम Eire है या अंग्रेजी भाषा में, आयरलैंड।’ वह ‘अंग्रेजी भाषा में, भारत’ करना चाहते थे क्योंकि कई देशों में इंडिया को तब तक ‘हिंदुस्तान’ के रूप में जाना जाता था और देश के सभी मूल निवासियों के संदर्भ में हिंदू शब्द का इस्तेमाल किया जाता है, उनका धर्म कुछ भी हो…।

भारत ठीक या इंडिया
अपने संशोधन के लिए एक नाम चुनने के लिए जब कहा गया तो कामत ने ‘भारत या अंग्रेजी भाषा में India, राज्यों का संघ होगा’ चुना। इसके बाद एक गंभीर बहस हुई जिसमें सेठ गोविंद दास, कमलापति त्रिपाठी, कल्लूर सुब्बा राव, राम सहाय और हर गोविंद पंत ने ‘भारत’ के लिए पूरे उत्साह के साथ बहस की। दास ने कहा कि इंडिया कोई प्राचीन शब्द नहीं है और वेदों में इसका जिक्र नहीं है। इंडिया का इस्तेमाल यूनानियों के भारत आने के बाद किया गया, जबकि भारत का जिक्र वेदों, उपनिषदों, ब्राह्मण ग्रंथों, महाभारत और पुराणों के साथ-साथ चीनी यात्री ह्वेनसांग की रचनाओं में भी मिलता है।

दास ने सुझाव दिया, ‘भारत, जिसे इंडिया कहते हैं, विदेश में भी इस नाम से जाना जाता है।’ उन्होंने कहा कि यह नाम पिछड़ा हुआ नहीं है, बल्कि इंडिया के इतिहास और संस्कृति के लिए उपयुक्त है। उन्होंने कहा, ‘अगर हम इन मामलों के संबंध में सही निर्णय नहीं लेते हैं तो देश के लोग स्वशासन के महत्व को नहीं समझेंगे।’ कल्लूर सुब्बा राव ने कहा कि इंडिया नाम सिंधु या इंडस से आया है और हिंदुस्तान नाम पाकिस्तान के लिए ज्यादा उपयुक्त है क्योंकि वहां सिंधु नदी है। इंडिया को भारत के रूप में संदर्भित करते हुए उन्होंने सेठ गोविंद दास और अन्य हिंदी बोलने वालों से हिंदी भाषा का नाम शिक्षा की देवी ‘भारती’ पर रखने के लिए कहा।

राम का धनुष और कृष्ण का चक्र
राम सहाय ने भारत नाम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर, इंदौर और मालवा का यूनियन खुद को मध्य भारत कहता है और हमारे सभी धार्मिक ग्रंथों और सभी हिंदी साहित्य में इस देश को भारत कहा गया है। हमारे नेता भी अपने भाषणों में देश को भारत कहते हैं। तब कमलापति त्रिपाठी ने एक जोशीला भाषण देते हुए कहा कि ‘भारत, जो कि इंडिया है’ अधिक उचित और देश की भावनाओं और प्रतिष्ठा के अनुरूप हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि अपनी एक हजार वर्षों की गुलामी के दौरान, देश ने अपनी आत्मा, इतिहास, प्रतिष्ठा और स्वरूप और नाम खो दिया था। उन्होंने कहा कि बापू के क्रांतिकारी आंदोलन ने राष्ट्र को अपने स्वरूप और खोई हुई आत्मा को पहचान दिलाई और यह कि उनकी तपस्या के कारण ही अपना नाम फिर से हासिल कर रहा।

त्रिपाठी ने कहा कि केवल इस शब्द के उच्चारण ने सुसंस्कृत जीवन की एक तस्वीर तैयार करता है। सदियों की लंबी गुलामी के बावजूद, यह विश्वास बना रहा कि देवता स्वर्ग में इस देश के नाम को याद करते रहे हैं और भारत की पवित्र भूमि में जन्म लेने की प्रबल इच्छा रखते हैं। उन्होंने दावा किया, ‘हमें याद दिलाया जाता है कि एक तरफ यह संस्कृति भूमध्य सागर तक पहुंची और दूसरी तरफ इसने प्रशांत के तटों को छुआ।’ उन्होंने कहा कि यह ऋग्वेद और उपनिषदों में से एक, कृष्ण और बुद्ध-शंकराचार्य की शिक्षाओं या राम के धनुष और कृष्ण के चक्र की याद दिलाता है।

सर, क्या यह जरूरी है…
जैसा त्रिपाठी ने अतीत के बारे में कहा था, आंबेडकर ने पूछा, ‘क्या यह सब आवश्यक है, सर…? बहुत काम करना बाकी है’। जिस समय आंबेडकर जल्दी में थे, संविधान सभा के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने हरगोविंद पंत के एक और हस्तक्षेप की अनुमति दी। पंत ने भारतवर्ष नाम का सुझाव दिया, जिसका इस्तेमाल हम संकल्प के समय अपने दैनिक धार्मिक रीति-रिवाज में करते रहे हैं। नहाते समय भी हम संस्कृत में कहते हैं, ‘जम्बूद्वीपे भरतखण्डे आर्यावर्ते भारतदेशे…।’ इसका मतलब है कि मैं भारत खंड के आर्यवर्त में हूं।

पंत ने कहा कि कालिदास ने दुष्यंत और शकुंतला के पुत्र के राज्य को बताने के लिए भारत ही कहा था जबकि इंडिया एक ऐसा नाम है, जो विदेशियों द्वारा दिया गया जो इसकी संपत्ति से आकर्षित हुए थे। इससे चिपके रहने से केवल यह पता चलेगा कि हम इस अपमानजनक शब्द के लिए शर्मिंदा नहीं हैं जो विदेशी शासकों ने हम पर थोपा है। आखिर में संविधान सभा ने 38 हां और 51 ना के साथ हाथ उठाकर मतदान किया और कामत के संशोधन को खारिज कर दिया गया और मूल शब्द बने रहे।

Latest articles

किराए पर वाहन लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 80 लाख के 5 चारपहिया वाहन जब्त

भोपाल। राजधानी में किराए पर वाहन लगवाने का झांसा देकर गाड़ियां बेचने वाले एक...

सीसी रोड की खराब गुणवत्ता पर सख्त हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बेमेतरा जिले के नगर पंचायत दाढ़ी...

15 जून तक पूरे हों मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जल स्वावलंबन अभियान के कार्य, पौधारोपण की तैयारी के निर्देश

जयपुर। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 एवं जल संचय जन भागीदारी 2.0 की समीक्षा...

अहमदाबाद में ग्राम-2026 इन्वेस्टर मीट आयोजित, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निवेशकों को दिया राजस्थान में निवेश का आमंत्रण

अहमदाबाद। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अहमदाबाद में आयोजित ग्राम-2026 इन्वेस्टर मीट में...

More like this

बंगाल में 8 एग्जिट पोल में से 6 में भाजपा सरकार, असम में BJP, तमिलनाडु में DMK की वापसी

केरल में 10 साल बाद UDF सरकार का अनुमान नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा...

बंगाल चुनाव में ‘बंपर वोटिंग’, आज़ादी के बाद बना नया रिकॉर्ड, पहले चरण में 93% मतदान

तमिलनाडु के इतिहास में अब तक की सबसे ज़्यादा 85% वोटिंग कोलकाता। पश्चिम बंगाल और...

पहलगाम हमले की बरसी: PM मोदी ने जान गंवाने वाले निर्दोषों को याद किया, कहा- आतंक के आगे भारत कभी नहीं झुकेगा

नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावुक...