नीट पीजी मेडिकल में एडमिशन का इंतजार कर रहे लाखों डॉक्टर्स के लिए शुक्रवार, 25 अक्टूबर 2024 की तारीख बेहद महत्वपूर्ण है। इस दिन सुप्रीम कोर्ट नीट पीजी मामले पर सुनवाई करने वाला है। इस हियरिंग के बाद ही नीट पीजी काउंसलिंग 2024 डेट की स्थिति साफ हो पाएगी। हालांकि MCC वेबसाइट पर कहा गया है कि नीट पीजी काउंसलिंग शेड्यूल 2024 जल्द जारी किया जाएगा। लेकिन, अगर सर्वोच्च न्यायालय स्टूडेंट्स (याचिकाकर्ताओं) के पक्ष में फैसला सुनाता है, तो काउंसलिंग में और देर हो सकती है।
नीट पीजी मामला क्या है?
नीट पीजी की काउंसलिंग काफी पहले शुरू होनी थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट में मामला पहुंचने के कारण इसमें लगातार देरी हो रही है। अब सवाल है कि कैंडिडेट्स को प्रॉब्लम किस बात से है? छात्रों की मांग क्या है?
दरअसल, इस साल नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेस (NBEMS) ने नीट पीजी परीक्षा में कुछ बदलाव किए थे। लेकिन परीक्षा से बस कुछ दिन पहले इन बदलावों की जानकारी ऑनलाइन जारी की गई। एनबीईएमएस के इस कदम से डॉक्टरों में काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि अंतिम समय में बदले गए पैटर्न से कई कन्फ्यूजन पैदा हुए, जिसका असर परीक्षा पर पड़ा।
नीट पीजी कैंडिडेट्स की मांग है कि नेशनल एग्जामिनेश बोर्ड नीट पीजी 2024 क्वेश्चन पेपर, आंसर-की और रॉ स्कोर जारी करे। ताकि परीक्षा में लागू किए गए नॉर्मलाइजेशन प्रॉसेस की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
नीट पीजी काउंसलिंग शेड्यूल कब आएगा 2024?
उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में स्टेट लेवल की नीट पीजी काउंसलिंग शुरू कर दी गई थी। लेकिन इसे भी रोक दिया गया। वहीं, MCC NEET PG Counselling 2024 का शेड्यूल भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर निर्भर कर रहा है। अगर अदालत ने याचिकाकर्ताओं के पक्ष में फैसला सुनाया तो एनबीईएमएस को पहले पेपर्स जारी करने होंगे। उसके बाद ही काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो सकेगा।
