नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव 2024 के छठें चरण में दिल्ली की सभी 7 सीटों पर मतदान होगा। भाजपा की ओर से इस सीट पर दिवंगत नेता सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज चुनाव मैदान में हैं। बांसुरी ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, आम आदमी पार्टी ने उनके खिलाफ सोमनाथ भारती को उतारा है। अपने चुनाव अभियान के दौरान बांसुरी स्वराज मां के नाम पर सुबह से शाम तक वोट मांग रहीं हैं। आइये समां हुसैन की ग्राउंड रिपोर्ट में जानते हैं इस क्षेत्र के मुद्दे क्या हैं और जनता अपने प्रतिनिधि से क्या चाहती है?
40 वर्षीय बांसुरी स्वराज नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में अपनी पहली चुनावी लड़ाई के लिए प्रचार कर रही हैं। वह हर भाषण में अपनी दिवंगत मां का जिक्र जरूर करती हैं। वह कहती हैं, “मैं सुषमा स्वराज के संस्कारों का प्रतीक हूं, मैं आपको कभी निराश नहीं करूंगी।”
नई दिल्ली में कितने वोटर्स
महिला वोटर्स
6,88,795
पुरुष वोटर्स
8,23,948
ट्रांस-जेंडर
77
मां के लिए लोगों का स्नेह देखकर आभारी- बांसुरी स्वराज
द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए, बांसुरी ने अपने मूल्यों और काम को आकार देने में अपनी मां के प्रभाव को स्वीकार किया। उन्होंने कहा, “मां ने कभी भी उनके साथ राजनीति में प्रवेश के बारे में चर्चा नहीं की। मेरी मां और मैंने राजनीति में मेरे प्रवेश के बारे में कभी चर्चा नहीं की लेकिन हमने कानून में मेरे कैरियर के बारे में बहुत चर्चा की क्योंकि उस समय राजनीति कभी भी क्षितिज पर नहीं थी।”
बांसुरी आगे कहती हैं, “मैं मां के लिए लोगों का स्नेह देखकर बहुत आभारी हूं। यह उनके प्रति लोगों का प्यार है कि जो वे आशीर्वाद के रूप में मुझ पर बरसाते रहते हैं। वह करुणा की प्रतिमूर्ति थीं, उन्होंने विदेशों में कई भारतीयों की मदद की। यहां तक कि 2019 में भी, जब वह सरकार में नहीं थीं, तब भी उन्होंने ऐसा करना जारी रखा। मुझे वास्तव में इस पर गर्व है।”
नई दिल्ली क्षेत्र में जमकर प्रचार कर रहीं बांसुरी
दिल्ली में 25 मई को मतदान होगा। ऐसे में बांसुरी का अभियान हर दिन जल्दी शुरू होता है। वह शाम तक कई रोड शो करती हैं। सब्जी मंडियों और चौपालों से लेकर धोबी घाटों और बस्तियों तक, वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में कई बैठकों को संबोधित करती हैं।हाल ही में उन्होंने “जनसंपर्क यात्रा” के लिए एक मिनी ट्रक पर चढ़कर, मनोहर पार्क से सुभाष चौक तक के इलाकों को कवर किया। उन्होंने आईआईटी-दिल्ली के सामने एसडीए मार्केट में रोड शो भी किया। भीड़ में आईआईटी-दिल्ली का छात्र भी शामिल था जो कह रहा था कि मैं सुषमा स्वराज की बेटी को देखने के लिए उत्सुक था।
